केरलम विधानसभा की उपाध्यक्ष शानीमोल उस्मान का नाम नेदुंबस्सेरी में मिनी कूपर कार दुर्घटना की जांच से जोड़कर उनकी छवि धूमिल करने के आरोप में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के एक नेता और एक टेलीविजन पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, उस्मान द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अलप्पुझा दक्षिण पुलिस ने शुक्रवार रात डीवाईएफआई की अलप्पुझा जिला इकाई के सचिव जेम्स सैमुअल और पत्रकार के खिलाफ यह मामला दर्ज किया। प्राथमिकी के मुताबिक, 15 अक्टूबर को जिला अधिकारी कार्यालय तक निकाली गई एक विरोध रैली के दौरान सैमुअल ने आरोप लगाया था कि अलप्पुझा जिले की एकमात्र महिला जनप्रतिनिधि ने इस सड़क दुर्घटना के आरोपी की मदद करने, उसे संरक्षण देने और लाखों रुपये लेकर जांच को दबाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि डीवाईएफआई नेता के इन बयानों को प्रसारित करने के आरोप में पत्रकार को भी आरोपी बनाया गया है।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356(2) (अपराधिक मानहानि) और धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के लिए उपस्थित होने के संबंध में जल्द ही आरोपियों को समन जारी किए जाएंगे। यह मामला 11 अक्टूबर के तड़के हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है जिसमें कथित तौर पर कार ने स्कूटर सवार लोगों को टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में तीनों की मौत हो गई थी। कार कथित तौर पर सुहैल (19) चला रहा था। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी का पिता अलप्पुझा का रहने वाला है और इसी आधार पर सैमुअल ने कांग्रेस नेताओं को इस घटना से जोड़ा।
सैमुअल ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता ए.ए. शकूर और अलप्पुझा जिले की एक महिला जनप्रतिनिधि ने जांच को प्रभावित करने और मामले को दबाने का प्रयास किया था। शानीमॉल उस्मान अलप्पुझा जिले की एकमात्र महिला विधायक हैं। कांग्रेस नेता ए.ए. शकूर ने हाल में अपने फोन की जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट किया था कि उन्होंने इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया था।
