प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक में अभिनंदन संकल्प पारित किया गया। यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा पर राज्य मंत्रिमंडल ने मध्यप्रदेश की साढ़े आठ करोड़ से अधिक जनता की ओर से कृतज्ञता, धन्यवाद और अभिनंदन व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि संकल्प में प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना की गई है।
मुख्यमंत्री ने संकल्प में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज गरीब, किसान और वंचित वर्ग के 80 करोड़ से अधिक लोगों को निशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ऐसा राम राज्य में होता था और अब हो रहा है। मोदी राज में असंभव और अकल्पनीय कार्य हुए हैं।
इस क्रम में उन्होंने जन-धन, मुद्रा, प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, स्वामित्व, पीएम स्वनिधि और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि इन योजनाओं ने अंत्योदय के संकल्प को सार्थक किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि संकल्प में नोटबंदी, जीएसटी, तीन तलाक कानून, तीन नयी न्याय संहिताएं और जन-विश्वास अधिनियम का भी उल्लेख किया गया है। संकल्प में प्रदेश की उपलब्धियों को प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों का परिणाम बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा, पार्वती-कालीसिंध-चंबल और तापी बेसिन परियोजनाओं से मध्यप्रदेश में सिंचाई क्षमता विस्तार का नया अध्याय शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि इसके अलावा प्रदेश में नक्सलवाद से मुक्ति के संकल्प को धरातल पर उतरने का श्रेय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया गया है। यादव ने बताया कि संकल्प में वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कंधे से कंधा मिलाकर चलने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।
