नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के तहत पंजाब में ‘‘जंगल राज’’ कायम है और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। उच्चतम न्यायालय द्वारा पंजाब के 50 नगर निकाय वार्ड में हुए चुनावों को रद्द कर नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिये जाने के बाद भाजपा की यह टिप्पणी आई। उच्चतम न्यायालय ने स्थानीय निकाय चुनावों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान ‘‘व्यापक स्तर पर बाधा डाले जाने’’ संबंधी तथ्यान्वेषी आयोग की रिपोर्ट के बाद पंजाब के 50 नगर निकाय वार्ड में हुए चुनाव रद्द कर नये सिरे से चुनाव कराने का आदेश दिया है।
भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने अदालत के फैसले का स्वागत किया और मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो पार्टी स्वराज के नाम पर राजनीति में आई थी, वह अब ‘गुंडाराज’ की पार्टी बन गई है।’’
भाटिया ने कहा, ‘‘पंजाब की जनता मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग कर रही है। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं तो जनता उन्हें उनकी ‘कुर्सी’ से हटा देगी।’’
प्रवक्ता ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से स्थानीय निकाय चुनाव सुनिश्चित करना पंजाब सरकार की जिम्मेदारी थी, लेकिन उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोका गया, उन्हें धमकाया गया और उनके साथ मारपीट की गई।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब में लोकतंत्र पूरी तरह चरमरा गया है।’’
भाटिया ने इस घटनाक्रम पर केजरीवाल से भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भाजपा-राजग शासन के तहत ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के ‘‘बेबुनियाद’’ आरोप लगाते हुए दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल को अपनी चुप्पी तोड़कर पंजाब और देश की जनता को बताना चाहिए कि उनकी पार्टी के शासन में पुलिस के दुरुपयोग के जरिए पंजाब में किस तरह लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।
