नयी दिल्ली, चार अक्टूबर कांग्रेस की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने रविवार को यहां कांग्रेस के प्रभारी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जारी पार्टी की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। वेणुगोपाल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सिंह सभी को साथ लेकर चलेंगे और 2027 में पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के लिए सफल चुनाव प्रचार अभियान चलाएंगे। वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज शाम, नवनियुक्त पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह जी से मुलाकात हुई।
हमने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जारी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।”
सिंह ने कहा कि उन्होंने वेणुगोपाल के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और पंजाब में पार्टी को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
