गंगटोक, 28 जुलाई सिक्किम में नाथू ला दर्रे के जरिये भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार छह साल बाद एक अगस्त से दोबारा शुरू होने जा रहा है। राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कोविड-19 महामारी के बाद वर्ष 2020 से ही बंद इस व्यापार मार्ग के दोबारा खुलने से स्थानीय व्यापारियों और सीमावर्ती समुदायों की आजीविका को राहत मिलने की उम्मीद है।
नाथू ला मार्ग लंबे समय से भारत एवं चीन के पंजीकृत व्यापारियों के बीच निर्धारित वस्तुओं के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग से व्यापार को दोबारा शुरू किए जाने के अवसर पर एक अगस्त को नाथू ला में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। एक अधिकारी ने कहा कि इस ऐतिहासिक मार्ग के दोबारा खुलने से सिक्किम में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक सीमा व्यापार को मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि नाथू ला स्थित पुराना रेशम मार्ग 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद छह जुलाई, 2006 को फिर खोला गया था। यह व्यापार मार्ग हर वर्ष आमतौर पर मई से नवंबर तक संचालित होता रहा है। लेकिन वर्ष 2020 में यह बंद हो गया था।
