पुणे, 30 जुलाई सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय ने एक छात्र से पैसे लेकर उसे बी.कॉम की फर्जी अंकतालिका और डिग्री प्रमाणपत्र देने के आरोप में अपने एक कर्मचारी को निलंबित करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उसे शिकायत मिली थी कि लेखा विभाग में कार्यरत रमेश मुखेकर ने एक छात्र से कथित तौर पर 70,000 रुपये लिए और उसे असली डिग्री प्रमाणपत्र तथा अंकतालिका दिलाने का वादा किया।
मुखेकर ने छात्र को व्हाट्सऐप पर कथित तौर पर दस्तावेजों की तस्वीरें भेजीं। ये दस्तावेज देखने में असली लग रहे थे लेकिन वास्तव में फर्जी थे। विश्वविद्यालय ने कहा, ‘‘यह कर्मचारी विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से संबद्ध नहीं है।
उसके द्वारा तैयार किए गए और व्हाट्सऐप पर साझा किए गए दस्तावेज परीक्षा विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते।’’
बयान में कहा गया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय ने मुखेकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। विश्वविद्यालय ने बताया कि परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल के निदेशक डॉ. राजेंद्र तलवारे ने चतुश्रृंगी पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। बयान में कहा गया, ‘‘पुलिस जांच के दौरान अपराध में शामिल पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं।
