उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर एयरपोर्ट) पर सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान ₹19 करोड़ से अधिक मूल्य का उच्च क्षमता वाला ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा जब्त किया गया है। इस मामले में थाईलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन पुरुष और तीन महिलाएँ शामिल हैं। कस्टम और पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का खुलासा करते हुए यह जानकारी साझा की।
इसे भी पढ़ें: Lebanon में इज़राइली हमलों से ईरान वार्ता में बाधा! Donald Trump ने नेतन्याहू को फटकारा, कहा- ‘तुम तो बिल्कुल पागल हो’
सीमा शुल्क और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को बैंकॉक से एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान से आए यात्रियों की जांच के दौरान तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि नियमित जांच में संदेह होने पर उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई और तलाशी के दौरान प्लास्टिक पैकेटों में छिपाया गया 19.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किया गया मादक पदार्थ ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा है, जो गांजे की उच्च क्षमता वाली किस्म है।
इस गांजा को मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर जल-आधारित प्रणाली में उगाया जाता है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भी कोलकाता-गया मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं।
जांच एजेंसियां थाइलैंड की एक अन्य महिला की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
इसे भी पढ़ें: US Operation Checkmate | अमेरिका में ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत 30 अवैध भारतीय ट्रक चालक गिरफ्तार, जल्द होंगे निर्वासित
पुलिस के मुताबिक, सभी छह आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करी में शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
Read Latest
National News in Hindi only on Prabhasakshi
