यूक्रेन के ड्रोन हमले के कारण रूस की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी यांडेक्स का एक डेटा सेंटर बंद हो गया है। चार दिन में कंपनी की सुविधाओं पर यह तीसरा हमला है। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी।
यूक्रेन रूस के भीतर दूर तक स्थित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए अपने हमले तेज कर रहा है। मास्को के पूर्व में स्थित व्लादिमीर शहर में डेटा सेंटर पर हुए हमले के कारण यांडेक्स की विभिन्न सेवाएं बाधित हो गईं। रूस के स्वतंत्र समाचार माध्यम ‘एस्ट्रा’ के अनुसार, रूस के दर्जनों शहरों के अलावा कजाकिस्तान, बेलारूस और आर्मेनिया में भी उपयोगकर्ता टैक्सी बुक नहीं कर सके और बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाए।
मॉस्को के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने के साढ़े चार साल से अधिक समय बाद भी रूस और यूक्रेन के बीच लंबी दूरी तक हवाई हमले जारी हैं, जबकि अग्रिम मोर्चे पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच काफी हद तक गतिरोध बना हुआ है। यूक्रेन की ओर से डेटा सेंटर को निशाना बनाए जाने से पहले रूस भी यूक्रेन में डेटा केंद्रों पर हमले कर चुका है। सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी देने वाले यांडेक्स क्लाउड के टेलीग्राम चैनल ने कहा, “ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप व्लादिमीर में यांडेक्स के डेटा सेंटर के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
डेटा सेंटर का संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।”
यांडेक्स ने बताया कि बृहस्पतिवार को ड्रोन हमले के कारण मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में स्थित रियाजान क्षेत्र में यांडेक्स का एक डेटा सेंटर बंद हो गया था। इसके एक दिन बाद यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के दक्षिण-पश्चिम में स्थित कलुगा क्षेत्र में कंपनी के एक प्रमुख डेटा सेंटर को निशाना बनाया, जिससे उसका कामकाज आंशिक रूप से ठप हो गया।
रूस के गूगल के नाम से मशहूर यांडेक्स देश का सबसे लोकप्रिय सर्च इंजन चलाता है और कई तरह की डिजिटल सेवाएं प्रदान करता है। कंपनी रूस में कृत्रिम मेधा (एआई) के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही है। यूक्रेन का यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के एक दिन बाद हुआ कि यूक्रेन में नया राष्ट्रपति चुनने का समय आ गया है।
उन्होंने संकेत दिया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की युद्ध समाप्त करने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने उनके देश में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए भी जेलेंस्की को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने शनिवार को कहा, “मेरा सुझाव है कि वे ऐसा नया नेता चुनें, जो समझौता कर सके, क्योंकि वह कई समझौते कर सकते थे, लेकिन किसी कारण से उन्होंने ऐसा कभी नहीं किया।
