भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि श्रीलंका के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की एकदिवसीय शृंखला का पहला मुकाबला दिल्ली से अहमदाबाद स्थानांतरित कर दिया गया है। सैकिया ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि 13 दिसंबर को होने वाले इस मुकाबले की मेजबानी मानक नीति के तहत दिल्ली को सौंपी गई थी और इसके आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सैकिया ने कहा, ‘‘दिल्ली में निर्धारित भारत-श्रीलंका एकदिवसीय मुकाबले को अहमदाबाद स्थानांतरित किए जाने की खबरें सही नहीं हैं।
बीसीसीआई ने ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा यह दोहराना जरूरी है कि द्विपक्षीय मुकाबलों के आयोजन स्थलों का आवंटन मुख्य रूप से एक मानक नीति के तहत किया जाता है।’’
इससे पहले खबरों में दावा किया गया था कि यहां अरुण जेटली स्टेडियम में जारी निर्माण कार्य के कारण मुकाबले को अहमदाबाद स्थानांतरित किया गया है। अहमदाबाद में 19 दिसंबर को श्रृंखला का अंतिम वनडे मुकाबला खेला जाना है। एकदिवसीय मुकाबलों के अलावा श्रीलंका इस दौरे पर तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला भी खेलेगा।
