भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी देवेश चतुर्वेदी को बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय खेल बोर्ड (एनएसबी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस बोर्ड के पास सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को मान्यता देने और जरूरत पड़ने पर उसे रद्द करने का अधिकार होगा। इसके अलावा बोर्ड अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं के साथ भी सहयोग कर सकेगा।
साठ वर्षीय चतुर्वेदी 1989 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने अगस्त 2024 से इस साल फरवरी तक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव के रूप में काम किया। उनके पास आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग (यांत्रिक अभियांत्रिकी) में बीटेक और आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (औद्योगिक अभियांत्रिकी) में एमटेक की डिग्री है।
इसके अलावा उन्होंने आईआईएम बेंगलुरु से सार्वजनिक नीति में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी किया है। टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीके गर्ग को बोर्ड का अन्य सदस्य नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियों को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है।
‘पीटीआई’ के मौजूद सरकारी आदेश के अनुसार, दोनों का कार्यकाल तीन साल का होगा। राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के तहत बोर्ड को उन राष्ट्रीय खेल महासंघों की मान्यता रद्द करने का अधिकार दिया गया है, जो अपनी कार्यकारी समिति के चुनाव नहीं कराते या चुनाव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं करते हैं। इसके अलावा वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट प्रकाशित नहीं करने या सार्वजनिक धन का दुरुपयोग करने वाले खेल महासंघों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
ऐसे मामलों में हालांकि मान्यता निलंबित करने से पहले बोर्ड को संबंधित अंतरराष्ट्रीय खेल संस्था से परामर्श करना होगा। बोर्ड से मान्यता प्राप्त खेल संगठन ही केंद्र सरकार से अनुदान या किसी अन्य तरह की वित्तीय सहायता पाने के पात्र होंगे।
