दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पंजाब के खेतों में जानबूझकर आग लगाई जा रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं की भूमिका की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि हमें पंजाब के किसानों के फोन आने लगे कि रात के समय खेतों में आग लगाई जा रही है। मुझे भी ऐसे फोन आए, और हमारी सरकार के अन्य लोगों को भी। मिश्रा ने कहा कि सरकार ने सैटेलाइट डेटा मांगा था, जिससे पता चला कि 7 नवंबर को खेतों में आग लगने की 125 घटनाएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि दिवाली की रात यह संख्या अचानक बढ़कर 1,200 हो गई। उन्होंने आरोप लगाया यह किसानों और दिल्ली के लोगों के खिलाफ एक साजिश है। मिश्रा ने दावा किया कि दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति, अरविंद केजरीवाल सरकार के समय की तुलना में काफी बेहतर है। दिवाली से पहले और बाद की तुलना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 2023 में प्रदूषण 43.33 प्रतिशत और 2024 में लगभग 10 प्रतिशत बढ़ा था, जबकि इस साल इसमें 1.33 प्रतिशत की कमी आई है।
इसे भी पढ़ें: Punjab Stubble Burning: CAQM ने दर्ज किए 4459 मामले, 884 पर हुई FIR
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल से जुड़े लोगों ने पंजाब में खेतों में आग लगाई है और पंजाब के मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच करने की मांग की। उन्होंने दावा किया दीवाली को बदनाम करने का अभियान दो दिन पहले ही शुरू हो गया था। मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली से आए ‘आप’ नेताओं के दौरे वाले इलाकों में खेतों में आग लग रही है, और उन्होंने मांग की कि उनके फोन रिकॉर्ड की जांच की जाए।
