उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर्व के दौरान प्रदूषण बढ़ने को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि प्रदूषण अंततः कम हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह सवाल भी उठाया कि इस मुद्दे को उठाने वाले उन लोगों पर चुप क्यों रहते हैं, जिन्होंने कथित तौर पर भ्रष्टाचार के जरिये पूरी व्यवस्था को प्रदूषित किया है। लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि लोगों ने पूरे उत्साह के साथ दिवाली मनाई और प्रदूषण को लेकर जरूरत से ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है।
यह कार्यक्रम राजस्व विभाग में हाल में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने और ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत 4,300 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग कह रहे हैं कि दिवाली की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है। अगर बढ़ भी गया है तो क्या हुआ?
यह कम भी हो जाएगा। आप क्यों चिंतित हैं?’’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट आचरण से पूरी व्यवस्था को प्रदूषित किया है, उनसे कोई सवाल नहीं करता। लेकिन अगर जनता एक दिन आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाती है, तो अचानक प्रदूषण एक मुद्दा बन जाता है।’’
मुख्यमंत्री ने जश्न का बचाव करते हुए कहा कि लोगों ने आतिशबाजी और पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाकर बिल्कुल सही किया।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने बेहद उत्साह के साथ दिवाली मनाई और खूब आतिशबाजी की। हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कोई पाबंदी नहीं लगाएंगे। लोगों को आतिशबाजी करने और उत्सव मनाने दीजिए।’’
आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित आतिशबाजी समारोह में अपनी भागीदारी का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह स्वयं वहां मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं भी आतिशबाजी समारोह के दौरान अयोध्या में मौजूद था।’’
उन्होंने समारोहों पर सवाल उठाने वालों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जब कुछ गलत होता है, तो कोई कुछ नहीं बोलता। लेकिन जब लोग खुशी से त्योहार मनाते हैं, तभी उन्हें अचानक प्रदूषण की याद आती है।’’
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव और गोवर्धन पूजा तथा भैया दूज के अवसर पर आयोजित समारोह का भी जिक्र करते हुए कहा कि अब पूरे राज्य में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने मौजूदा स्थिति की तुलना 2017 से पहले के हालात से करते हुए दावा किया, ‘‘पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में होली, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों के दौरान अक्सर सांप्रदायिक तनाव और दंगे होते थे।’’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस दौर में लगाए जाने वाले कर्फ्यू से व्यापारियों को भारी नुकसान होता था और बाजार बंद रहने के कारण दुकानदारों का सामान खराब हो जाता था।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न तो कोई कर्फ्यू लगा है और न ही कोई दंगा हुआ है। उत्तर प्रदेश में सब कुछ बहुत अच्छे से चल रहा है।’’
उन्होंने राज्य सरकार के उस फैसले का भी उल्लेख किया, जिसके तहत भैया दूज पर 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।
