उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घोषणा की कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को भी आपदा माना जाएगा और प्रभावितों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की सफलता की याद में 28 नवंबर को मनाए जा रहे प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आग को आपदा का दर्जा दिए जाने समेत चार घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण आग लगने की घटना को आपदा माना जाएगा और अग्निकांड के प्रभावितों को एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप राहत दी जाएगी।
प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए उन्होंने घोषणा की कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कार्मिकों को आपदा से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा इनके सहयोग से आपदाओं के प्रति जन जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को राज्य सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा जो छात्र-छात्राओं को निरंतर जागरूक करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों के कारण आपदा प्रबंधन को प्रदेश के लिए एक चुनौतीपूर्ण विषय बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे में आपदाओं के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियों को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है और सूचना मिलते ही अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हों, तंत्र सक्रिय हो और प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत एवं सहायता पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने अनेक आपदाओं का सामना किया है और इस दौरान शासन-प्रशासन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने बेहतर समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए हैं।
उन्होंने तीन साल पहले उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि 12 नवंबर 2023 को दिवाली के दिन सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे जिन्हें सकुशल बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ तकनीकी सहित सभी प्रकार की चुनौतियों को पार करते हुए 17 दिनों के अथक प्रयास से सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस बचाव अभियान में अनेक तकनीकी चुनौतियां आयीं और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की भी सहायता ली गयी और 28 नवंबर को उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को एक मिसाल बताते हुए कहा कि इससे मिली सीख को आपदा प्रबंधन व्यवस्था में लगातार शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों में और अधिक तेजी एवं प्रभावी ढंग से राहत-बचाव कार्य संचालित करने के लिए प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल, उपकरणों की उपलब्धता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को लगातार मजबूत किया जा रहा है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग तथा प्रदेश में स्थित केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता का लाभ लेने और स्थानीय समुदायों की सहभागिता एवं विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण को भी आवश्यक बताया। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्रदेश में 133 क्यूआरटी गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर एवं 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका एवं उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026–27 का विमोचन भी किया गया।
