ईरान के सरकारी मीडिया ने पहली बार वह अनदेखा फुटेज जारी किया है जिसमें 28 फरवरी, 2025 को अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमलों के बाद दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का क्षतिग्रस्त आवास परिसर दिखाई दे रहा है; इन्हीं हमलों में उनकी मौत हुई थी। ईरान के सरकारी टेलीविज़न पर दिखाए गए और खामेनेई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पब्लिश किए गए 35 सेकंड के इस वीडियो में ‘इमाम खुमैनी हुसैनीया’ दिखाई दे रहा है। यह सुप्रीम लीडर के तेहरान स्थित परिसर का मुख्य हॉल है, जो मलबे से भरा पड़ा है और वहाँ भारी तबाही के साफ़ निशान दिख रहे हैं।
यह हॉल खमेनेई के शासनकाल के दौरान उनके सार्वजनिक भाषणों और धार्मिक सभाओं के लिए मुख्य जगह रही थी। हाल ही में जारी फुटेज से उस हमले से हुए नुकसान का पहला दृश्य प्रमाण मिलता है, जिसमें ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध के पहले दिन 86 वर्षीय नेता की मौत हो गई थी। इस हमले में खमेनेई के साथ उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी। खबरों के मुताबिक, हमले में उनके बेटे और मौजूदा सर्वोच्च नेता, मोजतबा अली खमेनेई भी घायल हो गए थे
खामेनेई का अंतिम संस्कार
खामेनेई के पार्थिव शरीर को 9 जुलाई को उनके गृहनगर मशहद में इमाम रज़ा की दरगाह के पास दफ़नाया जाएगा। इसके साथ ही 4 जुलाई को तेहरान में शुरू हुआ छह दिन का राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम संपन्न हो जाएगा। दफ़नाने से पहले, अंतिम संस्कार का जुलूस इराक के पवित्र शहरों नजफ़ और कर्बला से होकर गुज़रेगा। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, अंतिम संस्कार समारोह के पांचवें दिन, जब हज़ारों लोग श्रद्धांजलि देने के लिए जमा हुए, खामेनेई के पार्थिव शरीर को नजफ़ में इमाम अली की दरगाह में ले जाया गया। नजफ़ शिया इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है। अंतिम संस्कार की व्यवस्था देखने वाले मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि दफ़नाने के लिए पार्थिव शरीर को वापस ईरान ले जाने से पहले जुलूस कर्बला जाएगा। ईरानी झंडे में लिपटे खामेनेई के ताबूत को एक बड़े जुलूस के हिस्से के रूप में नजफ़ की सड़कों से ले जाया गया। छह दिन की इस अंतिम संस्कार यात्रा में – जो तेहरान, क़ोम, नजफ़ और कर्बला से गुज़री है – लाखों लोगों के साथ-साथ विदेशी गणमान्य व्यक्ति और पूरे क्षेत्र व अन्य जगहों से राजनीतिक प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं। गौर करने वाली बात है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता, अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई, अभी तक अंतिम संस्कार समारोहों में शामिल नहीं हुए हैं, जो कई दिनों से चल रहे हैं। माना जा रहा है कि वह उस हवाई हमले में घायल होने के बाद छिपे हुए हैं, जिसमें उनके पिता की मौत हो गई थी।