दो पड़ोसी मुल्क यानी कि भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला क्रिकेट मैच हमेशा की तरह रोमांचक होता है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत में पाकिस्तान को एक तरफा मुकाबले में हरा दिया है। भारत की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे। हालांकि पाकिस्तान की टीम महज 114 रन के ही स्कोर पर ऑल आउट हो गई। भारत की ओर से शुरू में हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने जबर्दस्त गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
बाद में अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ने पाकिस्तान की पूरी तरीके से कमर तोड़कर रख दी। भारत की ओर से गेंदबाजी करते हुए अक्षर पटेल ने दो सफलताएं हासिल की जबकि कुलदीप यादव को एक और वरुण चक्रवर्ती ने दो सफलताएं मिली। एक विकेट तिलक वर्मा के खाते में भी गया। इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच शानदार बल्लेबाजी करने के लिए ईशान किशन को दिया गया। इससे पहले सलामी बल्लेबाज इशान किशन के तूफानी अर्धशतक से भारत ने रविवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट पर 175 रन बनाए। इशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर भारत को ठोस आधार दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली। दोनों टीम ने धीमी पिच पर अपने स्पिनरों पर भरोसा किया है।
पाकिस्तान की टीम शाहीन शाह अफरीदी के रूप में एकमात्र तेज गेंदबाज के रूप में उतरी है जबकि भारत ने जसप्रीत बुमराह के अलावा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एकादश में जगह दी है लेकिन अर्शदीप सिंह को बाहर करके कुलदीप यादव को मौका दिया। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा (10 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले ओवर की अंतिम गेंद पर अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच करा दिया। इशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने शाहीन की शुरुआती दो गेंद पर छक्का और चौका मारा और फिर सलमान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।
तिलक ने भी शाहीन पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर अबरार अहमद का स्वागत छक्के के साथ किया। तिलक और इशान ने सईम पर चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर एक विकेट पर 52 रन तक पहुंचाया। इशान ने अबरार पर लगातार तीन चौकों के साथ 27 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में लेग स्पिनर शादाब खान की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से 17 रन बटोरे। इशान हालांकि इसके बाद सईम की गेंद को पीछे हटकर खेलने की कोशिश में चूककर बोल्ड हो गए। तिलक ने मोहम्मद नवाज पर छक्के के साथ 12वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया। पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक (24 रन पर एक विकेट) से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने। सईम ने तिलक को पगबाधा करके भारत को तीसरा झटका दिया। उन्होंने 24 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार ने अबरार पर चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम दुबे ने इसी ओवर में छक्का जड़ा। तारिक ने सूर्यकुमार को सईम के हाथों कैच कराया। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे। रिंकू सिंह (चार गेंद में नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवर में शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंचाया लेकिन दुबे अगली गेंद पर रन आउट हो गए।
