आज यानी 26 मार्च से पाकिस्तान सुपर लीग का आयोजन हो रहा है। तेल संकट के कारण स्टेडियम में एक भी दर्शक नहीं होगा। वहीं ये टूर्नामेंट महज दो वेन्यू पर ही खेले जाएंगे। इसके साथ ही ईरान-इजरायल युद्ध के कारण से पैदा हुआ तेल संकट का मुद्दा अलग है लेकिन पीएसएल लगातार नाकारात्मक खबरों के कारण चर्चा में है। कुछ खिलाड़ियों ने पीएसएल से करार को ठेंगा दिखाकर आईपीएल का रुख किया है। इस बीच टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। उसमें कप्तानों की बचकाना हकरतों पर डेविड वॉर्नर भड़क गए और अन्य कप्तानों को स्कूली बच्चा बता दिया।
डेविड वॉर्नर पीएसएल की टीम कराची किंग्स के कप्तान हैं। बुधवार को प्री-टूर्नामेंट कैप्टन्स प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई थी। उसमें वॉर्नर के अलावा लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, रावलपिंडिज के कप्तान मोहम्मद रिजवान, पेशावर जल्मी के बाबर आजम, क्वेटा ग्लेडिएटर्स के सौद शकील और हैदराबाद किंग्समेन के कप्तान मार्नस लाबुसेन मौजूद थे।
बता दें कि, पीसी में जब डेविड वॉर्नर बोल रहे थे तभी अन्य टीमों के कप्तान आपस में ही गपशप करते दिखे और न जाने किस बात पर हंस रहे थे। कप्तानों का इस तरह का रवैया वॉर्नर को बिलकुल भी अच्छा नहीं लगा। सवाल का जवाब देते-देते वह अचानक रुक गए। कहा कि क्या गड़बड़ है? सॉरी जेंटलमेन, हमें यहां स्कूल बच्चे मिले हैं।
फिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग 26 मार्च से शुरू होकर 3 मई तक चलेगा। उद्घाटन मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समेन के बीच खेला जाएगा। लाहौर कलंदर्स ने पिछली बार फाइनल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में टीम के सामने खिताब की रक्षा की चुनौती होगी।