प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लगातार 12 बार लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित कर इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस मामले में अब वह केवल जवाहरलाल नेहरू से पीछे हैं, जिन्होंने लगातार 17 बार यह संबोधन दिया था। आजादी की वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री ने लाल किले पर लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इस ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया।
इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा- स्वतंत्रता दिवस आशा और आकांक्षाओं का उत्सव है
ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान की नींद उड़ी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में ऐसी तबाही हुई है कि उसकी नींद उड़ी हुई है और अगर दुश्मनों ने आगे भी कोई हिमाकत की तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा तथा भारत अब ‘न्यूक्लियर ब्लैकमैल’ नहीं सहेगा। उन्होंने देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में यह भी कहा कि सिंधु जल समझौता ‘अन्यायपूर्ण और एकतरफा’ है जो भारत को मंजूर नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें: PM Modi Speech | भारत में बनी पहली सेमीकंडक्टर चिप 2025 के अंत तक बाजार में आ जाएगी, पीएम मोदी ने किया ऐलान | Independence Day
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘आज मुझे बहुत गर्व हो रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के वीर जाबांजों को सलामी देने का अवसर मिला है। हमारे जाबांज सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीमा पार से आए आतंकवादियों ने पहलगाम में जिस तरह से कत्लेआम किया, उससे पूरा हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ था और पूरा विश्व भी चौंक गया था। उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सेना ने वह कर दिखाया जो कई दशकों तक नहीं हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है कि उसकी नींद उड़ी हुई है और रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं।’’ मोदी ने पाकिस्तान और आतंकवादियों को आगाह करते हुए कहा, ‘‘आगे भी अगर दुश्मनों ने ये कोशिश जारी रखी, तो हमारी सेना तय करेगी…। सेना की शर्तों पर, सेना द्वारा निर्धारित समय पर, सेना द्वारा तय लक्ष्य को अब हम अमल में लाकर रहेंगे। अब मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत ने तय कर लिया है कि अब खून और पानी एक साथ नहीं बहेंगे।
सिंधु जल समझौते अन्यायपूर्ण और एकतरफा
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को ‘अन्यायपूर्ण और एकतरफा’ करार देते हुए कहा कि सिंधु नदी के जल पर भारत और उसके किसानों का एकमात्र अधिकार है। मोदी ने कहा कि इस संधि ने भारत में कृषि को भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने इस समझौते को जारी रखने की निरर्थकता को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि इस संधि की वजह से सिंधु के जल से ‘‘हमारे दुश्मनों के खेतों की सिंचाई होती है, जबकि मेरे देश की धरती और मेरे देश के किसान प्यासे रहते हैं।’’ मोदी ने कहा, ‘‘भारत का जो पानी है, उसका इस्तेमाल भारत के लिए होगा, सिर्फ भारत के किसानों के लिए होगा और हम अब ऐसी व्यवस्था बर्दाश्त नहीं करेंगे जो अपने किसानों को वंचित रखे।’’ उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत के किसानों को दशकों तक ‘अकल्पनीय नुकसान’ उठाना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत दशकों से इसे सहन करता आ रहा है। हम इसे और सहन नहीं करेंगे। हमारे किसानों के हित में, राष्ट्र के हित में, यह समझौता हमें मंजूर नहीं है।’’
भारत ने स्वच्छ ऊर्जा में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली
प्रधानमंत्री ने स्वच्छ ऊर्जा की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने 2030 के मूल लक्ष्य से पांच साल पहले ही स्वच्छ ऊर्जा में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। उन्होंने कहा, ‘‘हम परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में और सुधार ला रहे हैं, इसे निजी भागीदारी के लिए खोल दिया गया है।’’ प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में ‘मिशन मोड’ में काम किया जा रहा है और भारत में निर्मित चिप इस साल के अंत तक बाजार में उपलब्ध होंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी का पर्व 140 करोड़ संकल्पों का पर्व का है, गौरव का पर्व है और हृदय उमंग से भरा हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘देश एकता की भावना को निरंतर मजबूती दे रहा है। 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हैं।’’ मोदी ने कहा कि भारत का संविधान 75 वर्ष से प्रकाश स्तंभ बनकर देश को मार्ग दिखाता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान के निर्माण में राजेंद्र प्रसाद, पंडित जवाहर लाल नेहरू, संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल और कई अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 की दीवार गिराकर ‘एक देश, एक संविधान’ के मंत्र को साकार किया गया तो श्यामा प्रसाद मुखर्जी को यह एक श्रद्धांजलिथी।
प्रकृति हम सभी की परीक्षा ले रही है : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में पिछले दिनों हुईं भूस्खलन और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं की घटनाओं के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रकृति हम सभी की परीक्षा ले रही है। प्रधानमंत्री ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रकृति हम सभी की परीक्षा ले रही है… हाल के दिनों में, हमने विनाशकारी घटनाओं, भूस्खलन, बादल फटने और कई अन्य आपदाओं का एक सिलसिला देखा है। हमारी हार्दिक संवेदना और एकजुटता उन लोगों के प्रति है जो इनसे प्रभावित हुए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकारें और केंद्र सरकार, दोनों परस्पर समन्वय से काम कर रही हैं और बचाव अभियान चलाने, राहत प्रदान करने और प्रभावी पुनर्वास के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर रही हैं।
भारत में बनी पहली सेमीकंडक्टर चिप इस साल के अंत तक बाजार में आ जाएगी: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत में बनी पहली सेमीकंडक्टर चिप इस साल के अंत तक बाजार में आ जाएगी। मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि छह सेमीकंडक्टर इकाइयां पहले ही स्थापित हो चुकी हैं और चार नई इकाइयों को हरी झंडी मिल गई है। उन्होंने कहा, इस साल के अंत तक भारत में बनी, भारत के लोगों द्वारा बनी चिप बाजार में आ जाएगी।
भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में काम कर रहा है: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने और अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘देश को हमारे अंतरिक्ष क्षेत्र पर गर्व है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आ गए हैं… आने वाले दिनों में वह भारत लौट आएंगे।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है और गगनयान के प्रक्षेपण की तैयारी कर रहा है। गगनयान भारत का प्रमुख मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम है।