होली त्योहार से पहले खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने राज्य खाद्य आयुक्तों से निगरानी बढ़ाने और दूध उत्पादों और खाद्य तेल में मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
राज्य खाद्य आयुक्तों को लिखे पत्र में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कहा कि आगामी होली त्योहार के दौरान मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल और दूध एवं दुग्ध उत्पादों (जैसे घी, खोआ, पनीर, आदि) और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
FSSAI ने खाद्य उत्पादों में मिलावट पर रोक लगाने को कहा
इसमें कहा गया है कि मांग में इस वृद्धि से मिलावट की संभावना बढ़ती है।
इसके मद्देनजर एफएसएसएआई ने ‘‘मिलावटी और असुरक्षित खाद्य उत्पादों, अर्थात – दूध और दुग्ध उत्पाद, मिठाइयां, नमकीन और पापड़, खाद्य तेल एवं घी, अनाज एवं अनाज उत्पाद आदि’’ के प्रसार को रोकने के लिए निगरानी और प्रवर्तन कार्यों को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
एफएसएसएआई ने राज्य खाद्य आयुक्तों को त्योहारी अवधि के दौरान ‘‘होली-मिलावट विरोधी अभियान – 2026’’ के हिस्से के रूप में अपने प्रवर्तन अधिकारियों को अपने संबंधित क्षेत्रों में निरीक्षण और नमूने लेने का निर्देश देने के लिए कहा।
इन अभियानों को चिन्हित हॉट स्पॉट और संवेदनशील स्थानों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
