खाना बनाना एक कला है और अक्सर घर में खाना बनाते समय कुछ गलतियां हो ही जाती हैं। कभी-कभी हम किचन में एक साथ कई काम कर रहे होते हैं और इस चक्कर में दाल या सब्जी जल जाती है। लेकिन जब अजीब सी महक आने लगती हैं तो हमें बेहद दुख होता है। ऐसे में मूड तुरंत खराब हो जाता है। ऐसे में समझ में नहीं आता है कि क्या किया जाए। सारा खाना वेस्ट हो जाता है और फिर से खाना बनाने की मेहनत अलग! यह सोच ही हमें परेशान करती है।
लेकिन सच कहूं तो आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है, क्योंकि जली हुई डिश का मतलब हमेशा खाना खराब होना नहीं होता। अगर आप थोड़ी स्मार्टनेस दिखाएं तो ऐसे में कुछ आसान किचन ट्रिक्स से इस खाने को बचा भी सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
इसे भी पढ़ें: मूंगफली के छिलकों को फेंकने की जगह इन तरीकों से करें इस्तेमाल
डिश को मिक्स ना करें
अक्सर यह देखने में आता है कि जब सब्जी या दाल जल जाती है तो लोग घबरा जाते हैं तो डिश को मिक्स करना शुरू कर देते हैं। लेकिन आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। दरअसल, जली हुई परत नीचे बैठ जाती है और हिलाने से कड़वाहट हर जगह फैल जाती है। इसके बजाय आप गैस बंद कर दें और डिश को हिलाएं नहीं।
लगाएं तड़का
अगर खाना जल जाए तो ऐसे में ऊपर से एक गरम तड़का लगाने से टेस्ट में काफी अंतर आ सकता है। इसके लिए आप थोड़ा घी या तेल गरम करें, उसमें जीरा, लहसुन, हींग और शायद सूखी लाल मिर्च डालें, फिर इसे बची हुई दाल या सब्जी पर डालें। ताजा खुशबू जले हुए स्वाद से ध्यान हटाएगी और टेस्ट की एक नई लेयर महसूह होगी। इससे हर कोई उस डिश को बिना शिकायत खा लेगा।
स्मार्ट तरीके से करें बैलेंस
अगर खाने में जलने की महक आ रही हैं तो ऐसे में कुछ हल्का मीठा या क्रीमी डालकर उसे आसानी से बैलेंस किया जा सकता है। इसके लिए आप एक चम्मच मलाई, ताजी क्रीम, नारियल का दूध, या थोड़ा उबला हुआ दूध इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर क्रीम डिश के साथ अच्छी नहीं लगती है, तो एक चुटकी चीनी, गुड़, या कुछ कद्दूकस किया हुआ गाजर भी टेस्ट में काफी बदलाव कर सकता है।
– मिताली जैन
