नयी दिल्ली। ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिलने के बाद दिल्ली भर के सभी मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा, लाल किला और दो स्कूलों सहित कई संस्थानों को सोमवार को बम से संबंधित धमकी वाले ईमेल मिले और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तलाशी के बाद इन्हें फर्जी घोषित कर दिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हमारी साइबर टीमें उन आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं जिनका इस्तेमाल करके कुछ बदमाश बम से संबंधित धमकी दे रहे हैं। ऐसे अपराधी पुलिस जांच को गुमराह करने के लिए ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ (वीपीएन) का उपयोग करके ईमेल भेज रहे हैं। लेकिन हमारे विशेषज्ञ आरोपियों का पता लगा लेंगे।
अधिकारी ने कहा कि बम की धमकियां मिलने के बाद पुलिस ने दिल्ली मेट्रो स्टेशनों सहित सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में दिल्ली बनेगा खालिस्तान लिखा था और कहा गया था कि अगले तीन दिनों में दिल्ली आर्मी स्कूल, लाल किला और मेट्रो स्टेशनों में विस्फोट होंगे।
उनके मुताबिक, इस ईमेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली आर्मी पब्लिक स्कूल, दोपहर 3:11 बजे विधानसभा और सुबह 9:11 बजे लाल किले में विस्फोट होगा।
धमकी भरे ई-मेल में मेट्रो सेवाओं का विशेष रूप से उल्लेख होने के बाद, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा तैनाती बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी मेट्रो स्टेशनों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए जांच और औचक तलाशी भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि लाल किला, दिल्ली सचिवालय और विधानसभा परिसर सहित संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते की टीमें तैनात की गई हैं।
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए दिल्ली मेट्रो और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं।
उन्होंने कहा, हमने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपने समकक्षों से अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है। निगरानी बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी निगरानी तेज कर दी गई है।
अधिकारी ने कहा कि साइबर टीमें ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए काम कर रही हैं।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने बताया कि जिन स्थानों पर खतरा था, वहां गहन तलाशी ली गई और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।
