भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां नेपाल पर 48-24 से जीत हासिल करके एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंचकर लगातार चौथी बार स्वर्ण पदक जीतने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। मौजूदा चैंपियन भारत ने इस तरह से प्रतियोगिता में अपना अजय अभियान जारी रखा है। भारत ने पहले हाफ में 31-17 की बड़ी बढ़त बना ली, जिसमें चार ऑल-आउट और चार बोनस अंक शामिल थे।
नेपाल भारत को पर्याप्त चुनौती नहीं दे सका और दूसरे हाफ में केवल सात अंक ही जुटा सका। इससे पहले महिला टीम ने ग्रुप चरण में ईरान, बांग्लादेश और जापान को हराया था। महिला कबड्डी को 2010 में पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया था और तब से भारत ने इसमें अपना दबदबा बनाए रखा है।
पुरुषों के वर्ग में भी भारत मौजूदा चैंपियन है। सेमीफाइनल में उसका सामना थाईलैंड से होगा। पुरुषों की कबड्डी 1990 से एशियाई खेलों का हिस्सा रही है और भारत ने अब तक आठ स्वर्ण पदक जीते हैं।
इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा स्वर्ण पदक जीतने वाला एकमात्र अन्य देश ईरान है, जो 2018 में चैंपियन बना था। भारतीय टीम को तब कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।
