उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने अयोध्या धाम-राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मिल्कीपुर तहसील में 26 हेक्टेयर (करीब 65 एकड़) बंजर भूमि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। सरकार के अनुसार, एनएसजी की स्थायी मौजूदगी से अयोध्या में संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि राम मंदिर के निर्माण और प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक केंद्र के रूप में उभरा है तथा यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और विशिष्ट अतिथि पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर एनएसजी के क्षेत्रीय केंद्र की स्थायी तैनाती जरूरी है। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने ग्राम पूरे लालखां में स्थित 26 हेक्टेयर बंजर भूमि गृह मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित करने की औपचारिक मंजूरी दी है।
इस भूमि का बाजार मूल्य 16.90 करोड़ रुपये बताया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भूमि का इस्तेमाल केवल एनएसजी क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए किया जा सकेगा और किसी अन्य उद्देश्य के लिए इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। यदि तीन वर्ष के भीतर भूमि का निर्धारित उद्देश्य के लिए उपयोग नहीं किया जाता है या भविष्य में इसकी आवश्यकता समाप्त हो जाती है, तो यह स्वत: उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग को वापस हो जाएगी।
