दुबई, आठ सितंबर जापान की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग 22 सितंबर को सानो में भारत के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपने देश की कप्तानी करेंगे। इस मैच में जापान ने वही टीम उतारने का फैसला किया है जो आइची-नागोया में एशियाई खेलों में खेलेगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बताया कि जापान की टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेक्लन सुजुकी मैककॉम्ब अन्य दो खिलाड़ी हैं जिन्हें 50 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में खेलने का अनुभव है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। आईसीसी ने कहा, ‘‘ जापान ने एशियाई खेलों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए उन खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं करने का फैसला किया है जो आईसीसी नियमों के तहत टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के योग्य हैं लेकिन एशियाई खेलों के नियमों के तहत अयोग्य हैं।’’
तीस वर्षीय कादोवाकी फ्लेमिंग ने अब तक 55 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 139.41 के स्ट्राइक रेट से 1871 रन बनाए हैं। उनके नाम पर दो शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं।
एशियाई खेल 19 सितंबर से शुरू हो रहे हैं। पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज भारत मौजूदा टी20 विश्व कप चैंपियन है।
जापान आईसीसी टी20 रैंकिंग में 41वें स्थान पर है। जापान की 15 सदस्यीय टीम में विकेटकीपर वतारू मियाउची और लेग स्पिनर माकोतो तानियामा भी शामिल हैं। स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुदा नैर्न और तेज गेंदबाज त्सुयोशी तकादा को घरेलू मैचों में अच्छे प्रदर्शन के दम पर टीम में शामिल किया गया है।
भारत के खिलाफ यह मैच भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच शिखर सम्मेलन के दौरान हुए समझौते के तहत खेला जा रहा है। जापान 19 और 20 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलेगा। एशियाई खेलों में उसका सामना अफगानिस्तान (24 सितंबर) और नेपाल (26 सितंबर) से होगा।
वह शीर्ष दो में रहने पर ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच पाएगा। जापान की टीम: केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिन्ज़, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुदा नैर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रेओ साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पाटज़ुकिटर, सुगाया मैक्लान (विकेटकीपर) त्सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लाचलान यामामोटो लेक।
