जम्मू, दो सितंबर जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में 15 वर्षीय आदिवासी लड़की से दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले में अपराध शाखा ने बुधवार को मुख्य आरोपी के घर पर छापा मारा, जबकि मामले में अस्पताल की एक और सफाई कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। व्यापक विरोध और प्रदर्शन के बाद 29 अगस्त को मामला अपराध शाखा को सौंप दिया गया था।
नाबालिग के साथ उसके स्कूल शिक्षक ने कई महीनों तक कथित तौर पर दुष्कर्म किया था और 20 अगस्त को गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने किश्तवाड़ के छत्रू थाने में पॉक्सो अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में मुख्य आरोपी, उसके भाई, अस्पताल के दो सफाई कर्मचारियों और एक नर्स समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने मुख्य आरोपी और उसके भाई के घर पर छापा मारा।
अधिकारियों ने कहा कि ये छापे जारी जांच के तहत मारे गए। अधिकारियों ने कहा कि टीम ने घटनाक्रम का क्रम स्थापित करने और आरोपियों की कथित संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य जुटाने तथा सामग्री की जांच के लिए परिसरों की तलाशी ली। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि मामले में जिला अस्पताल किश्तवाड़ में अस्पताल विकास कोष (एचडीएफ) के तहत कार्यरत एक सफाई कर्मचारी की सेवाएं 30 अगस्त को गिरफ्तारी के बाद तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
आदेश में कहा गया है, ‘‘इस कार्यालय को उक्त गिरफ्तारी के बारे में औपचारिक रूप से सूचित किया गया है…आरोप और अपराध की प्रकृति अत्यंत गंभीर है, जिसके कारण संबंधित व्यक्ति की सेवा जारी रखना सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान के अनुशासन, ईमानदारी, प्रतिष्ठा और कामकाज के पूरी तरह विपरीत है।
