मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान (Zakir Khan) एक बार फिर अपने खास अंदाज से दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ इमोशनल करने के लिए तैयार हैं। उनका नया स्टैंड-अप स्पेशल पापा यार जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाला है। यह जाकिर के अब तक के सबसे निजी और इमोशनल प्रोजेक्ट्स में से एक है। इस शो में जाकिर खान अपने पिता के साथ रिश्ते, बचपन की यादों और समय के साथ बदलते इस रिश्ते के बारे में बात करते नजर आएंगे। पापा यार 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा।
पिता और बच्चे के बदलते रिश्ते की कहानी
पापा यार में जाकिर खान यह बताने की कोशिश करेंगे कि उम्र बढ़ने के साथ पिता और बच्चे का रिश्ता किस तरह बदलता है। बचपन में पिता हमें सिर्फ एक पैरेंट नजर आते हैं, लेकिन बड़े होने के बाद हम उन्हें एक इंसान के तौर पर समझने लगते हैं। उनके भी अपने सपने, डर, परेशानियां और कमियां होती हैं। जाकिर का यह शो उस खूबसूरत बदलाव को दिखाता है, जब पिता सिर्फ अभिभावक नहीं रहते, बल्कि धीरे-धीरे दोस्त और हमराज भी बन जाते हैं।
इसे भी पढ़ें: 2 महीने से जेल में बंद Rohit Chandel को नहीं मिली बेल, पुलिस की एक बड़ी गलती बनी वजह?
पिता की सीख को आज समझते हैं जाकिर
जाकिर खान ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि बचपन में वह अक्सर अपने पिता की सीख और उनके बताए मूल्यों से सहमत नहीं होते थे। लेकिन आज उन्हें महसूस होता है कि जिस नींव पर वह खड़े हैं, उसे बनाने में उनके पिता की अहम भूमिका रही है। जाकिर के मुताबिक, पापा यार उनके लिए उन सभी पिताओं को धन्यवाद कहने का एक तरीका है, जो बिना कुछ कहे अपने बच्चों की जिंदगी और व्यक्तित्व को आकार देते हैं।
दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचेगी जाकिर की कहानी
नेटफ्लिक्स पर अपने इस स्पेशल के प्रीमियर को लेकर जाकिर खान काफी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि नेटफ्लिक्स की ग्लोबल पहुंच के जरिए उनके निजी अनुभव और कहानियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले दर्शकों तक पहुंचेंगी। जाकिर ने दर्शकों से इस शो को परिवार के साथ देखने की अपील भी की है। उन्हें उम्मीद है कि पापा यार देखने के बाद कई लोग अपने पिता को याद करेंगे और शायद उन्हें फोन भी करेंगे।
इसे भी पढ़ें: Musafir Cafe के बाद Vedika Pinto का नया धमाका, डायरेक्टर प्रोसित रॉय की अगली फिल्म में आएंगी नजर
हंसी के साथ इमोशंस का तड़का
जाकिर खान के इस नए स्टैंड-अप स्पेशल में उनका वही जाना-पहचाना अंदाज देखने को मिलेगा, जिसके लिए वह दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि इस बार उनकी कॉमेडी के साथ पिता, बचपन और रिश्तों से जुड़ी भावनाएं भी देखने को मिलेंगी। पापा यार उन यादों और अनकही बातों की कहानी है, जिन्हें शायद हम अपने माता-पिता से काफी पहले साझा कर सकते थे। जाकिर खान का यह स्टैंड-अप स्पेशल 18 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
