कई लोगों की नींद रात में बार-बार पेशाब आने की वजह से खुल जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ऐसा क्यों होता है? हेल्थ कोच डेन गो ने सोशल मीडिया पर रात में बार-बार पेशाब आने को लेकर अपनी बात साझा की है।
डेन गो ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में दावा किया कि रात में पेशाब के लिए उठने की वजह सिर्फ ब्लैडर की समस्या नहीं हो सकती, बल्कि इसका संबंध शरीर की मेटाबॉलिक हेल्थ से भी हो सकता है।
उनके मुताबिक, 30 साल से ज्यादा उम्र के करीब 3 में से 1 व्यक्ति को हर रात कम से कम दो बार बाथरूम जाना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि वह खुद भी कई सालों तक इस समस्या से परेशान रहे और बाद में अपनी लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव किए।
ब्लड शुगर का भी हो सकता है कनेक्शन
डेन गो के अनुसार, रात में बार-बार पेशाब आने की एक वजह ब्लड शुगर का बढ़ना हो सकती है। जब शरीर में ब्लड शुगर ज्यादा होता है तो किडनी अतिरिक्त ग्लूकोज को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा कि रात में ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला खाना खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है और इसकी वजह से रात में पेशाब की जरूरत महसूस हो सकती है। उन्होंने रात के खाने में कार्ब्स कम करने और सोने से करीब 3 घंटे पहले खाना बंद करने की सलाह दी है। हालांकि, रात में बार-बार पेशाब आने की कई दूसरी वजहें भी हो सकती हैं, इसलिए इसे केवल ब्लड शुगर या मेटाबॉलिक हेल्थ से जोड़कर देखना सही नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें: Testicular Cancer: 15 से 40 वर्ष के पुरुषों में बढ़ रहा Testicular Cancer का खतरा, भूलकर भी न करें इन लक्षणों को Ignore
रात में ज्यादा पानी पीना भी बन सकता है वजह
डेन गो ने रात में सोने से पहले ज्यादा मात्रा में सादा पानी पीने से बचने की बात भी कही है। उनका सुझाव है कि दिन के शुरुआती हिस्से में पर्याप्त पानी पीना बेहतर हो सकता है, ताकि सोने के समय ज्यादा पानी पीने की जरूरत न पड़े।
हालांकि, शरीर के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है और पानी की मात्रा कम करना हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होता। खासतौर पर किसी बीमारी या डॉक्टर की सलाह के चलते ज्यादा पानी पीने की जरूरत हो तो अपनी तरफ से पानी कम नहीं करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: क्या आपको भी है Fever और Cough? दिल्ली में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, जानें बचाव के Effective Measures
नींद के लिए बताते हैं खास ‘टी प्रोटोकॉल’
डेन गो ने अपनी पोस्ट में सोने से करीब 120 मिनट पहले एक खास चाय लेने का भी जिक्र किया। इसमें उन्होंने कैमोमाइल, ग्लाइसिन और इलेक्ट्रोलाइट्स शामिल करने की बात कही।
उनके मुताबिक, कैमोमाइल शरीर को रिलैक्स करने में मदद कर सकता है, जबकि ग्लाइसिन शरीर के तापमान को कम करने और नींद को बेहतर बनाने में भूमिका निभा सकता है। वहीं, इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में पानी और मिनरल्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।
हालांकि, इन चीजों को रात में पेशाब आने की समस्या का पक्का इलाज नहीं माना जाना चाहिए। अगर आपको लंबे समय से हर रात बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ रहा है, तो इसके पीछे डायबिटीज, यूरिनरी ट्रैक्ट की समस्या, प्रोस्टेट से जुड़ी परेशानी, नींद की समस्या या कुछ दवाओं जैसे कई कारण हो सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
