कौशांबी जिले में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से लगभग दो दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि करीब 15 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास हुआ, जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान मिलकर बचाव अभियान में जुट गये।
कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल ने कहा कि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और फैक्टरी के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया जा रहा है। पाल ने कहा, ‘‘पिपरी थानाक्षेत्र में मनोरी पावर हाउस के पास एक पटाखा फैक्टरी में धमाके की सूचना मिली। पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं।’’
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है और फैक्टरी से सटे पांच-छह घर ढह गए। जिला प्रशासन ने बताया कि घटनास्थल से मनोरी वायु सेना स्टेशन लगभग दो किलोमीटर दूर है और बचाव अभियान में कौशांबी और प्रयागराज की वायु सेना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम जुटी हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
धमाके की वजह एवं अन्य विवरणों का इंतज़ार है।
