ओडिशा के छह जिलों में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ और पिछले 48 घंटों में भारी बारिश नहीं होने से सबसे अधिक प्रभावित बालासोर जिले की सुवर्णरेखा समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुवर्णरेखा की बाढ़ से बालियापाल, भोगराई और जलेश्वर प्रखंड जलमग्न हो गए थे और करीब 2.1 लाख लोग प्रभावित हुए।
राजघाट में नदी का जलस्तर 9.75 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 10.36 मीटर है। 20 अगस्त को जलस्तर 11.82 मीटर तक पहुंच गया था। उन्होंने बताया कि बालियापाल में करीब एक लाख, भोगराई में 70 हजार और जलेश्वर में 40 हजार लोग प्रभावित हुए।
जालका और बुधबलंगा नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान से नीचे आ गया है, हालांकि जिले के करीब 100 गांव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे हैं। अधिकारियों के अनुसार, 14 अगस्त से शुरू हुई बाढ़ की दूसरी लहर से छह जिलों में 13 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और करीब पांच लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जाजपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा, मयूरभंज और क्योंझर में स्थिति स्थिर है, हालांकि बैतरणी नदी का जलस्तर बढ़ने से केंद्रापड़ा और जाजपुर के कुछ हिस्सों में खतरा बना हुआ है।
जलभराव के कारण भद्रक और जाजपुर में शुक्रवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य में पिछले 24 घंटों में औसतन 2.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 10.4 मिलीमीटर है। नयागढ़ में सर्वाधिक 35 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने शुक्रवार से तटीय और उत्तरी ओडिशा में छह दिनों तक बारिश का एक और दौर आने का पूर्वानुमान जताया है।
