अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। क्वात्रा ने इंडिया हाउस में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। समारोह में अपने संक्षिप्त संबोधन में क्वात्रा ने कहा कि पिछले 80 वर्षों में भारत की कहानी सफलता और उपलब्धियों की रही है।
उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय की दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। क्वात्रा ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्र के नाम संबोधन को भी पढ़कर सुनाया। वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने दुनिया भर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के वैश्विक अभियान ‘सूर्यपथ तिरंगा’ में भी हिस्सा लिया।
क्वात्रा ने कहा, ‘‘आज हम सूर्यपथ तिरंगा मना रहे हैं, जहां हमारा गौरव और हमारा ध्वज, जो पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है, सूर्य के साथ आगे बढ़ रहा है। जहां भी सूरज उगता है, वहां तिरंगा भी लहराता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तो दुनिया के हर हिस्से में किसी न किसी समय तिरंगा जरूर फहराया जाएगा। यह एक बड़ा दिन है।
मैं अमेरिका में रह रहे पूरे भारतीय समुदाय, उनके परिवारों और भारत के मित्रों को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।’’
समारोह के दौरान स्टूडियो धूम के कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं। क्वात्रा ने दूतावास की ओर से आयोजित ‘भारत को जानिए’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं में 13-16 आयु वर्ग में यादवी शर्मा, अमोघ कुलकर्णी, अरित्री मंडल, अद्विक सूद और अदिति ठाकुर शामिल रहे।
वहीं 10-12 आयु वर्ग में अन्विका कज्जम, नियति रामरक्षानी, श्रेष्ठा दत्ता, रायसा वोहरा और अनघा निकेश विजेता रहे। 6-9 आयु वर्ग में यशस्वी शर्मा, सायशा वंजारी, येशा मेहता, अरन्या अनिल, मान्या मदनगोपाल, वाणी हयांकी और सायंतिका रॉय विजेता रहे।
