अदाणी मुंद्रा हवाई अड्डे से मंगलवार को गोवा से पहली उड़ान के आगमन के साथ वाणिज्यिक संचालन शुरू हो गया।
अदाणी समूह ने बयान में कहा कि स्टार एयर के साथ रणनीतिक साझेदारी में शुरू की गई यह हवाई सेवा कच्छ क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं को नई गति देगी। इसे एक पूर्णतः एकीकृत बहु-माध्यम लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक केंद्र में बदलने में मदद करेगी।
स्टार एयर द्वारा मंगलवार से शुरू की गई आठ नई हवाई सेवाएं व्यापार, वाणिज्य, लॉजिस्टिक्स व पर्यटन के लिए यात्रा समय को कम करते हुए एक तेज संपर्क गलियारा तैयार करेगी।
इससे भारत के सबसे बड़े बंदरगाह मुंद्रा की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
स्टार एयर मुंद्रा को हिंडन, सूरत, बेलगावी, बेंगलुरु, कोल्हापुर और नांदेड़ जैसे शहरों से भी जोड़ेगी।
नए हवाई अड्डा टर्मिनल का उद्घाटन अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग लिमिटेड के निदेशक जीत अदाणी ने किया।
कंपनी के अनुसार, अदाणी समूह के सिद्ध विकास मॉडल पर निर्मित मुंद्रा हवाईअड्डा दक्षता और विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
1,900 मीटर लंबा रनवे विभिन्न प्रकार के यात्री और माल ढुलाई विमानों को संभालने में सक्षम है, जबकि आधुनिक टर्मिनल में विशाल पार्किंग तथा कई ‘चेक-इन काउंटर’ जैसी सुविधाएं हैं।
अदाणी समूह पहले से ही नवी मुंबई, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, मंगलुरु और गुवाहाटी में आठ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों का प्रबंधन कर रहा है।
