खाड़ी इलाके में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास एक भारतीय कमर्शियल जहाज हादसे का शिकार हो गया है। मस्कट में मौजूद भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि भारतीय झंडे वाले मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल ‘विराट 1’ के साथ समुद्र में एक गंभीर घटना हुई है। इस जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनकी सुरक्षा को लेकर लगातार कोशिशें की जा रही हैं।
इंजन फेल होने के बाद डूबने लगा जहाज
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, समुद्र में अचानक इस जहाज का इंजन फेल हो गया था, जिसके बाद यह पानी में डूबने लगा। खतरे को भांपते हुए जहाज पर मौजूद सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स समझदारी दिखाते हुए तुरंत लाइफ-राफ्ट पर चले गए। यह पूरी घटना ओमान के रास अल हद्द से लगभग 80 समुद्री मील दूर समुद्र में हुई।
अमेरिकी नौसेना ने बढ़ाया मदद का हाथ, भेजा लाइफ-राफ्ट
इस एमरजेंसी की जानकारी मिलते ही अमेरिकी नौसेना ने तुरंत मदद के लिए कदम बढ़ाया। अमेरिकी नौसेना के पी-8 मैरीटाइम पेट्रोलिंग एयरक्राफ्ट ने संकट में फंसे भारतीयों के पास एक लाइफ-राफ्ट गिराया और उनकी सुरक्षित निकासी पर नजर रखी। इसके अलावा, पास से गुजर रहे सेंट किट्स एंड नेविस के एक मर्चेंट शिप ‘एमवी जबल अली 9’ को भी मदद के लिए उस लोकेशन की तरफ मोड़ दिया गया है।
ओमान प्रशासन और भारतीय नौसेना मिलकर चला रही रेस्क्यू ऑपरेशन
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि ओमान के अधिकारियों और घटना स्थल के आस-पास मौजूद दूसरे जहाजों के साथ तालमेल बिठाकर एक बड़ा सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। भारतीय नौसेना के जहाजों को भी तुरंत इस लोकेशन की तरफ रवाना कर दिया गया है। दूतावास लगातार लोकल अथॉरिटीज के संपर्क में है ताकि सभी 14 भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित किनारे पर लाया जा सके।