राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए रविवार की शाम एक बड़ी चेतावनी लेकर आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसका सीधा अर्थ है-‘तत्काल कार्रवाई करें’। मौसम विभाग ने गरज के साथ भारी बारिश, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी की प्रबल आशंका जताई है।
अधिकारियों ने मौसम खराब रहने के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
‘रेड अलर्ट’ का अर्थ है ‘तत्काल कार्रवाई करें’, जो मौसम संबंधी गंभीर परिस्थितियों का संकेत देता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में गरज के साथ बारिश होने, ओलावृष्टि, धूल भरी आंधी चलने और मध्यम बारिश होने की प्रबल आशंका है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
इसे भी पढ़ें: Rajasthan Royals में बड़ा फेरबदल, Lakshmi Mittal-Adar Poonawalla के हाथ में आई Team की कमान
आईएमडी ने बताया कि बाहरी उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है जबकि दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में भी कुछ स्थानों पर इसी तरह से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण बड़े पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं, कमजोर या पुराने पेड़ उखड़ सकते हैं, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है।
इसे भी पढ़ें: Vinesh Phogat की सरकार को सीधी चेतावनी, ‘Gonda में कुछ हुआ तो आप होंगे जिम्मेदार’, मचा हड़कंप
मौसम विभाग ने इसके अलावा कच्चे मकानों, झोपड़ियों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने, चारदीवारी के आंशिक रूप से गिरने, वाहन चलाने में कठिनाई और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी जताई है।
अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित इमारतों में रहने, कमजोर ढांचों से दूर रहने और तेज हवाओं के दौरान खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी है।
