संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद, ईद-उल-फितर से पहले उत्तम नगर और दिल्ली के अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। होली के उत्सव के दौरान 4 मार्च को दो समुदायों के बीच हुई झड़पों में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद उत्तम नगर में तनाव गहराता जा रहा है। इसी के चलते दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को इस मामले में नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर और आसपास के द्वारका जिले में सुरक्षा बढ़ा दी है।
इसे भी पढ़ें: Uttam Nagar में ‘खून की होली’ की धमकी पर Delhi High Court सख्त, Eid तक शांति बनाए रखने का निर्देश
उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्तृत तैनाती योजना तैयार कर ली गई है। अधिकारी ने कहा कि कर्मी किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिमी रेंज) जतिन नरवाल ने कहा कि सांप्रदायिक तनाव और कानून व्यवस्था के उल्लंघन से बचने के लिए हस्तसाल गांव और उसके आसपास पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और सशस्त्र अर्धसैनिक बलों के सुरक्षाकर्मी पर्याप्त संख्या में तैनात रहेंगे। हमारा मुख्य ध्यान मस्जिदों, ईदगाहों और ईद के दौरान मुसलमानों द्वारा देखे जाने वाले धार्मिक स्थलों पर रहेगा।
होली के दिन चार मार्च को जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल होने के बाद तरुण (26) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह झगड़ा उस वक्त शुरू हुआ जब एक परिवार की लड़की द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा गलती से दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया। इस घटना के बाद कुछ समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिस दौरान आरोपियों की दो गाड़ियों में आग लगा दी गई। पुलिस ने मामले में अब तक दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मस्जिदों, ईदगाहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों, जहां बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने की संभावना है, के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वाहनों की जांच सहित नियमित रूप से गश्त की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: Uttam Nagar में खौफ का साया! ‘खून की होली’ की धमकियां और नफरती पोस्ट, ईद से पहले पलायन की सोच रहे मुस्लिम परिवार
पुलिस ने बताया कि भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने और उस पर अंकुश लगाने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी भी तेज कर दी गई है तथा कई आपत्तिजनक पोस्ट का पता लगा कर कार्रवाई की गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। जागरूकता अभियान के तहत, कई इलाकों में फ्लैग मार्च किए गए हैं और ईद के दौरान भी निवासियों में विश्वास जगाने के लिए मार्च जारी रहेंगे। उत्तम नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी से कुछ हद तक स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव अब भी बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘काफी संख्या में अवरोधक लगाये गए हैं और आवाजाही कम हो गई है। लोग अब भी चिंतित हैं, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि हालात शांतिपूर्ण बने रहेंगे।
