वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुझान के बीच सेंसेक्स और निफ्टी ने सोमवार को कमजोर शुरुआत की हालांकि जल्द ही निवेशकों की मामूली खरीदारी से बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 349.81 अंक या 0.42 प्रतिशत टूटकर 82,276.95 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 98.4 अंक फिसलकर 25,372.70 अंक पर रहा।
निफ्टी में उतार-चढ़ाव देखने को मिला
बाद में, दोनों प्रमुख में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 30 शेयर वाला सेंसेक्स 136.04 अंक चढ़कर 82,762.80 अंक पर जबकि 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 51.15 अंक की बढ़त के साथ 25,522.25 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, सन फार्मास्युटिकल्स, इटर्नल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और टाटा स्टील के शेयर मुनाफे में रहे।
दूसरी ओर इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 0.4 प्रतिशत बढ़ा जबकि जापान का निक्की 225 स्थिर रहा। चीन और दक्षिण कोरिया में चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बाजार बंद रहे।
अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.78 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5,553.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
