राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक दिसंबर को नगालैंड के किसामा हेरिटेज विलेज में 27वें हॉर्नबिल महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। राज्य सरकार ने इस महोत्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के स्वागत के वास्ते व्यापक इंतजाम किए हैं। नगालैंड के पर्यटन मंत्री तेमजेन इमना अलॉन्ग ने रविवार को बताया कि भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मुर्मू हॉर्नबिल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
अलॉन्ग ने कोहिमा में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 10 दिवसीय हॉर्नबिल महोत्सव एक दिसंबर को नगालैंड के स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू होगा। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव राज्य के मूल निवासी समुदायों की संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, कला, संगीत और विरासत को प्रदर्शित करेगा। अलॉन्ग के मुताबिक, हॉर्नबिल महोत्सव नगा लोगों की एकता और आकांक्षाओं का प्रतीक है, जो विभिन्न जनजातियों और समुदायों को एक साथ लाता है, जिनमें गैर-नगा समूह भी शामिल हैं।
उन्होंने हॉर्नबिल महोत्सव को राज्य की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने वाला मंच बताते हुए आगंतुकों को इसका अनुभव लेने के लिए आमंत्रित किया। किसामा के अलावा यह महोत्सव मोन, फेक, जुन्हेबोटो, चुमौकेदिमा, निउलैंड, दीमापुर, वोखा और मोकोकचुंग सहित अन्य जगहों पर भी आयोजित किया जाएगा। अलॉन्ग ने कहा कि संरक्षित क्षेत्र परमिट (पीएपी) की अनिवार्यता में 15 दिन की छूट दिए जाने के बाद सरकार को इस साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
उन्होंने इस छूट के लिए केंद्र सरकार, खास तौर पर गृह मंत्रालय का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अंततः पूरे नगालैंड में परमिट की अनिवार्यता स्थायी रूप से समाप्त कर दी जाएगी। पर्यटन सचिव कोवी मेयासे ने बताया कि इस महोत्सव की तैयारियों में पुलिस और जिला प्रशासन के अलावा लगभग 34 सरकारी विभाग शामिल हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि दुनिया भर से आने वाले आगंतुकों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
