महाराष्ट्र में कल्याण की एक विशेष अदालत ने जनवरी 2019 में पांच वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किये जाने के मामले में एक व्यक्ति को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश (जिला न्यायाधीश-6) लक्ष्मीकांत ए. बिदवई ने 27 नवंबर के अपने फैसले में रामविलास दिलराज यादव को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की दुष्कर्म से संबंधित धारा तथा अन्य अपराधों से जुड़ी धाराओं के तहत दोषी करार दिया। यादव (63) पर 25 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया।
अदालत ने दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के माध्यम से पीड़िता को मुआवजा देने का निर्देश दिया। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपी 19 जनवरी 2019 को पीड़िता के घर गया था। आरोपी ने पीड़िता की मां से उसे उसके साथ आटे की चक्की तक भेजने के लिए कहा था, जहां वह काम करता था।
मां के मना करने के बावजूद यादव जबरदस्ती उसे अपने साथ ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी और पीड़िता के परिवार एक दूसरे को जानते थे। शोर मचाने के बाद आरोपी ने पीड़िता को जाने दिया।
इसके बाद लड़की ने अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मंदपाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्टों को आरोपी के खिलाफ सबूत के तौर पर स्वीकार नहीं किया गया, क्योंकि कपड़ों को बरामद करने और जैविक नमूनों को एकत्र करने तथा उनके सुरक्षित रखरखाव की पूरी प्रक्रिया में खामियां थीं। हालांकि, अदालत इस निष्कर्क्ष पर पहुंची कि मौखिक और चिकित्सकीय साक्ष्यों से अपराध बिना किसी संदेह के साबित होता है।
अदालत ने यादव को दोषी ठहराते हुए कहा कि आरोपी ने अपनी हवस पूरी करने के लिए पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था।
