उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के जखोल गांव स्थित प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर को तोड़े जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शनिवार को उसके पुनर्निर्माण के आदेश दिए। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने इस संबंध में दायर जनहित याचिका का निस्तारण करते हुए उम्मीद जताई कि मंदिर का पुनर्निर्माण अगले दो वर्षों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। खंडपीठ ने कहा कि अप्रैल 2025 में मेले के बाद भीड़ द्वारा ऐतिहासिक मंदिर को तोड़ दिया जाना बेहद ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ था।
न्यायालय ने इस घटना के लिए जिला प्रशासन की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया। याचिका के अनुसार, हंस फाउंडेशन स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति को विश्वास में लिए बिना मंदिर का जीर्णोद्धार करा रहा था। इससे नाराज होकर मंदिर समिति के सचिव रामलाल विश्वकर्मा ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की थी।
याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायालय को बताया गया कि मंदिर का मूल ढांचा पिछले साल 14 अप्रैल को ध्वस्त कर दिया गया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और मंदिर समिति के अधिवक्ताओं ने बताया कि याचिका लंबित होने के कारण पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका। उच्च न्यायालय ने याचिका का निस्तारण करते हुए मुख्य सचिव को मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने का निर्देश दिया जिसमें प्राचीन मंदिरों के संरक्षण के विशेषज्ञ वास्तुकार, भूमि विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए नगर नियोजक, संस्कृति निदेशालय का वरिष्ठ ग्रुए-ए अधिकारी, मंदिर समिति का एक प्रतिनिधि और संबंधित उपजिलाधिकारी शामिल होंगे।
समिति मंदिर के पुनर्निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करेगी। निर्माण कार्य संबंधित उपजिलाधिकारी की निगरानी में कराया जाएगा। अदालत ने उपजिलाधिकारी को ध्वस्त मंदिर से बरामद सभी पुरावशेषों और अन्य सामग्री की विस्तृत सूची तैयार करने तथा विधिवत रसीद देकर उन्हें मंदिर समिति को सौंपने के भी निर्देश दिए हैं।
