द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम के स्टालिन ने शनिवार को तिरुप्परनकुंद्रम दीपम विवाद पर कुछ नहीं बोलने को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की आलोचना की और आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय द्वारा ‘‘अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर ऐसे मामलों में हस्तक्षेप करने’’
के कारण राज्य के अधिकारों और लंबे समय से चली आ रही परंपराओं से समझौता हुआ है। स्टालिन ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में सवाल किया कि क्या विजय अपने सप्ताहांत के आराम के बाद कम से कम सोमवार को इस मुद्दे पर कुछ बोलेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने सवाल किया, उच्चतम न्यायालय द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर ऐसे मामलों में हस्तक्षेप करने के कारण राज्य के अधिकारों और लंबे समय से चली आ रही परंपराओं से समझौता किए जाने पर मुख्यमंत्री ने अब तक अपना मुंह क्यों नहीं खोला है?
मुख्यमंत्री पर नौकरशाहों की आड़ लेने और उन पर जिम्मेदारी डालने का आरोप लगाते हुए द्रमुक नेता स्टालिन ने कहा कि मौजूदा सरकार के शासन की झलक इस बात से मिलती है कि एक जिला कलेक्टर को शिला स्तंभ तक तेल का पात्र ले जाना पड़ा। स्टालिन ने सत्तारूढ़ टीवीके के साथ गठबंधन करने वाले राजनीतिक दलों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग यह दावा करते हुए रातोंरात पाला बदल गए थे कि यदि कोई कॉमेडी शो कलाकार मुख्यमंत्री बन जाए तो तमिलनाडु बच जाएगा, वे अब उनसे कोई राय या जवाबदेही क्यों नहीं मांग रहे हैं और इसके बजाय द्रमुक से सवाल कर रहे हैं।
स्टालिन ने अपनी पार्टी के रिकॉर्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी को भी द्रमुक को उपदेश देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने आधी सदी से राज्य सरकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए कई लड़ाइयां लड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने या न रहने, दोनों ही स्थितियों में द्रमुक राज्य के अधिकारों और धार्मिक सद्भाव की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी पार्थिबन की मौजूदगी में शाम पांच बजे शिला स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
