तमिलनाडु के चेन्नई स्थित रॉयपेट्टा इलाके में एक स्टोर से करीब 10 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान और सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों की चोरी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में स्टोर के दो मौजूदा एवं दो पूर्व कर्मचारी शामिल हैं।
पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, चोरी का मामला 16 नवंबर को सामने आया था, जब स्टोर के एक कर्मचारी ने देखा कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। बयान में बताया गया कि उसने इसकी जानकारी स्टोर प्रबंधक कीर्तिवासन (31) को दी। कीर्तिवासन तमिलनाडु के डिंडीगुल के रहने वाले हैं और मायलापुर में रहते हैं।
इसके बाद तकनीकी विशेषज्ञों ने स्टोर का निरीक्षण किया तो पता चला कि वहां से करीब 1.4 लाख रुपये कीमत की सात सीसीटीवी हार्ड डिस्क के अलावा ब्लूटूथ हेडसेट, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और कॉस्मेटिक उत्पाद गायब हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए सभी सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
