छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने रायपुर जिले में 117 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के जलग्रहण क्षेत्र में चूना पत्थर के खनन की अनुमति दे दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के विरोध और बाढ़ सुरक्षा बोर्ड की आपत्तियों के बावजूद यह अनुमति दी गई। बघेल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार पर सार्वजनिक संसाधनों की कीमत पर कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने खनन परियोजना के लिए जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और पूरी परियोजना रद्द करने की मांग की। बघेल ने बताया, “बंगोली गांव में स्थित पेंड्रावन जलाशय सिंचाई, मछली पालन, दैनिक जलापूर्ति और भूजल पुनर्भरण का महत्वपूर्ण स्रोत है। यह रायपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है और कई गांवों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई करता है।”
उन्होंने आरोप लगाया, “ जलाशय के जलग्रहण क्षेत्र में खनन से आसपास के इलाकों में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की 1,722 एकड़ की चूना पत्थर खनन परियोजना के लिए एनओसी जारी की है।
बघेल ने बताया कि जल संसाधन विभाग ने 23 जुलाई, 2025 को अन्वेषण कार्य और 10 अगस्त, 2026 को खनन की अनुमति जारी की। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय ने 25 अप्रैल, 2024 को निर्देश दिया था कि एनओसी पर पुनर्विचार करने की स्थिति में सरकार उच्चस्तरीय तकनीकी समिति गठित करे, जो खनन के जलाशय पर पड़ने वाले प्रभावों की समीक्षा करे हालांकि, अदालत ने दोबारा एनओसी जारी करने की बाध्यता नहीं रखी थी। कांग्रेस नेता ने कहा, “ वर्ष 2017 में भी खनन के लिए एनओसी जारी की गई थी, लेकिन तत्कालीन कार्यपालन अभियंता ने चेतावनी दी थी कि खनन से जलाशय का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।
विस्फोटों से उसकी संरचना को नुकसान और पानी का रिसाव खनन क्षेत्र के गड्ढों में होने की आशंका भी जताई गई थी। किसानों के आंदोलन के बाद 20 मार्च, 2017 को तत्कालीन जल संसाधन मंत्री ने एनओसी निरस्त कर दी थी।”
बघेल ने दावा किया कि बोर्ड ने भी खनन से जलाशय के अस्तित्व को खतरा बताया था। उन्होंने आशंका जताई कि इससे 40 से अधिक गांवों में जल संकट उत्पन्न हो सकता है।
पेंड्रावन जलाशय बचाओ किसान संघर्ष समिति के संरक्षक आलोक शुक्ला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जलाशय का जलग्रहण क्षेत्र करीब 25 वर्ग किलोमीटर है, जो खनन परियोजना के कारण घटकर आठ वर्ग किलोमीटर रह सकता है। उन्होंने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड को तिल्दा तहसील में 689.048 हेक्टेयर क्षेत्र में 25 साल के लिए खनन पट्टा दिया गया है, जिसके तहत शुरुआती पांच वर्षों में 46.20 हेक्टेयर क्षेत्र में खनन की अनुमति दी गई है।
