गत चैंपियन त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। दोनों ने पहले दौर का मुकाबला आसानी से जीतकर लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की उम्मीदों को मजबूत किया। इसके टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी शानदार रहा।
त्रीसा और गायत्री ने क्वालीफायर रश्मि गणेश और अमृता प्रमथेश को महज दो गेम में 21-8, 21-7 से शिकस्त देकर दूसरे दौर में जगह बनाई। तन्वी शर्मा, तान्या हेमंत, इशारानी बरुआ और तस्नीम मीर ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर महिला एकल के अगले दौर में प्रवेश किया। तान्या ने पहले दौर के भारतीय मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त और थाईलैंड मास्टर्स चैंपियन देविका सिहाग को 21-14, 18-21, 21-16 से हराया।
तस्नीम ने मालविका बंसोड़ को सीधे गेम में 21-17, 21-12 से मात दी। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा को भी अगले दौर में पहुंचने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। मलेशिया की गोह जिन वेई ने पहले गेम में 1-2 से पिछड़ने के दौरान मुकाबले से हटने का फैसला किया, जिससे तन्वी को विजेता घोषित किया गया।
आठवीं वरीय इशारानी बरुआ ने इंडोनेशिया की थालिता रामाधानी विरयावन को 21-12, 25-23 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। महिला एकल के पहले दौर में हार का सामना करने वाली भारतीय खिलाड़ियों में आकर्षी कश्यप, मानसी सिंह भी शामिल रहीं। अनुपमा उपाध्याय भी थाईलैंड की यतावेमिन केटख्लियांग के खिलाफ शुरुआती गेम में 0-3 से पिछड़ने के बाद मुकाबले से हट गईं।
पुरुष एकल में तुषार सुवीर ने पांचवीं वरीयता प्राप्त मलेशिया के जस्टिन होह को 21-11, 21-17 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। क्वालीफायर शाश्वत दलाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के मार्क शेली अल्काला को 21-14, 16-21, 21-7 से शिकस्त दी। किरण जॉर्ज को हालांकि इंडोनेशिया के चौथी वरीय रिची दुटा रिकार्डो ने 21-4, 21-18 से हराया।
एस. शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम को मलेशिया के दूसरी वरीय ली जी जिया के खिलाफ 17-21, 12-21 से हार झेलनी पड़ी। महिला युगल में आठवीं वरीय अश्विनी भाट के. और शिखा गौतम के अलावा नेयसा करियप्पा और प्रावंधिका राघवन की जोड़ी ने भी जीत दर्ज की। मिश्रित युगल में सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथयासूरियन ने छठी वरीय मलेशियाई जोड़ी वोंग तिएन सी और लिम चिउ सिएन को 24-22, 14-21, 21-15 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
सातवीं वरीय ध्रुव रावत और के. मनीषा ने भी मोहिता और लाक्षिता जगलान की जोड़ी को 21-16, 21-13 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। चौथी वरीय रोहन कपूर और रुत्विका गड्डे को ग्रेगोयर डेशैंप और इबेन बर्गस्टीन के खिलाफ शुरुआती गेम में 2-8 से पिछड़ने के बाद मुकाबले से हटना पड़ा। पुरुष युगल में भार्गव राम अरिगेला और विश्वा तेज गोब्बुरु ने आर्य और ध्रुव ठाकोर की जोड़ी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-12, 21-15 से हराकर भारतीय अभियान को एक और जीत दिलाई।
