प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से न्यायाधीशों और सरकारी अधिकारियों को ‘अपने पक्ष’ में करने के वादे के बदले 15 करोड़ रुपए से अधिक रकम लेने के आरोप में दिल्ली के एक वकील को गिरफ्तार किया है। ईडी के अधिवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ईडी के अधिवक्ता सौरभ कुमार पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी हिमांशु शेखर को ईडी के रायपुर कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।
सोमवार देर रात उसे यहां की एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 28 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया। पांडे ने बताया कि ईडी की हिरासत में पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने शेखर का नाम लिया था। चंद्राकर का आरोप है कि इस वकील ने मामले के सिलसिले में सरकारी अधिकारियों और न्यायिक प्रणाली से जुड़े लोगों (जिसमें न्यायाधीश और वकील शामिल हैं) को अपने पक्ष में करने का वादा किया था।
पांडे ने बताया कि चंद्राकर के अनुसार, उसने शेखर को 15 करोड़ रुपये दिए थे, जिसके बाद कुछ और छोटी किस्तों में भी भुगतान किया गया। इसके बाद ईडी ने वकील के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। बीस नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे, जब शेखर दुबई जाने वाले विमान में सवार होने वाला था, तब मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने उसे रोक लिया।
इसके बाद उसे सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया, जिन्होंने ईडी को जानकारी दी। बाद में रायपुर से ईडी के अधिकारी मुंबई पहुंचे और 21 नवंबर को शेखर को हिरासत में ले लिया। पांडे ने बताया कि पूछताछ के बाद, उसी दिन दोपहर करीब 2:45 बजे एजेंसी ने उसे मुंबई की एक विशेष अदालत में पेश किया और उसे रायपुर ले जाने के लिए ‘ट्रांजिट रिमांड’ का अनुरोध किया।
पांडे ने बताया कि मुंबई की अदालत ने ट्रांजिट रिमांड की अर्जी खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोपी को 24 घंटे की समय-सीमा खत्म होने के करीब पेश करने के बजाय, कामकाज के समय के शुरुआती सत्र में ही अदालत के सामने पेश किया जाना चाहिए था। ईडी का तर्क था कि शेखर की हिरासत की अवधि 21 नवंबर को सुबह 1:10 बजे से गिनी जानी चाहिए, जब उनके अधिकारियों ने उसे औपचारिक रूप से हिरासत में लिया था।
हालांकि, मुंबई अदालत ने कहा कि यह अवधि 20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे से गिनी जानी चाहिए, जब इमिग्रेशन अधिकारियों ने ईडी द्वारा जारी लुकआउट सर्कुलर के तहत उसे हिरासत में लिया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद अदालत ने शेखर को 23 नवंबर को ईडी के रायपुर कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया। पांडे ने बताया कि ईडी ने मुंबई की विशेष अदालत के आदेश को मुंबई उच्च न्यायालय में चुनौती दी, जिसने सोमवार को उस आदेश को रद्द कर दिया।
इससे ईडी के लिए रायपुर में शेखर को गिरफ्तार करने का रास्ता साफ हो गया। इसके बाद आरोपी वकील को ईडी के रायपुर कार्यालय में गिरफ्तार कर लिया गया और सोमवार रात करीब 10 बजे रायपुर के विशेष न्यायाधीश (पीएमएलए) अमित राठौर की अदालत के सामने पेश किया गया। उन्होंने बताया कि विशेष अदालत ने ईडी को 28 नवंबर तक के लिए उसकी हिरासत दे दी।
इस बीच, शेखर के वकील फैसल रिजवी ने कहा कि ईडी ने मुंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि उनका मुवक्किल निर्देश मिलने के बावजूद रायपुर कार्यालय में पेश नहीं हुआ। रिजवी ने दावा किया कि शेखर 23 नवंबर को शाम 4:25 बजे ईडी के रायपुर कार्यालय पहुंच गया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि बचाव पक्ष ने रायपुर की विशेष अदालत से अनुरोध किया है कि ईडी कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज और आगमन रजिस्टर को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में किसी भी कानूनी कार्यवाही के दौरान जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्चतम न्यायालय के सामने पेश किया जा सके।
चंद्राकर, जिसे इस महीने की शुरुआत में सीबीआई ने ओमान से प्रत्यर्पित किया था, फिलहाल रायपुर के केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में है। ईडी ने अदालत को बताया कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित अवैध कामकाज और उससे जुड़े धन शोधन की गतिविधियां अब भी जारी हैं। इसमें अपराध से हुई कुल कमाई 92 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा होने का अनुमान है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई के रहने वाले चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके साथियों ने महादेव बुक ऐप को बढ़ावा दिया और पैनल व ब्रांच ऑपरेटरों के एक नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टा शुरू किया। एजेंसियों का यह भी आरोप है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कई प्रभावशाली नेताओं ने भी प्रोटेक्शन मनी (सुरक्षा के बदले ली जाने वाली रकम) के रूप में अवैध वित्तीय लाभ लिया।
