मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल ने सोमवार को राज्य में विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की। इसमें दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत नस्ल के देशी मवेशियों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ लागू करने का फैसला भी शामिल है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ये फैसले लिए गए।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल ने राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत नस्ल के देशी मवेशियों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ लागू करने की मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि राज्य के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता देने का फैसला भी किया गया है। काश्यप ने कहा कि बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव कराने की निर्धारित अवधि एक साल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के पहले चरण के तहत 1,834 क्षेत्रों में बिजली से वंचित 46 हजार से अधिक घरों और 54 सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों को बिजली कनेक्शन देने के लिए 193.72 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की गई है। मंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने खनिज अन्वेषण नीति लागू करने के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी भी दी है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में वेदांत पीठ की स्थापना के तहत ‘अद्वैत लोक’ के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी अवधि के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059.7 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
