अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी और पूर्व मंत्री एस. पी. वेलुमणि के बीच महत्वपूर्ण फैसलों में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर तीखी बयानबाजी हुई जिससे पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब राज्य की छह रिक्त विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तैयारियां शुरू होने की संभावना है। दिलचस्प बात यह है कि सप्ताहांत में हुई इस जुबानी जंग में दोनों नेताओं ने पार्टी के ‘दो करोड़ कार्यकर्ताओं’ का उल्लेख किया, लेकिन अपने-अपने तर्कों के समर्थन में।
पलानीस्वामी ने वेलुमणि के व्यक्तिगत प्रभाव को कमतर बताने के लिए यह संख्या गिनाई, जबकि वेलुमणि ने कहा कि इन्हीं दो करोड़ सदस्यों ने पलानीस्वामी को पार्टी महासचिव बनाया था। उन्होंने आगामी चुनावी चुनौतियों से पहले पार्टी के विभिन्न गुटों को एकजुट करने की भी वकालत की। अन्नाद्रमुक में लंबे समय से जारी मतभेद शनिवार को उस समय सार्वजनिक हुए, जब पलानीस्वामी ने कोयंबटूर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत की।
पलानीस्वामी ने निष्कासित नेताओं, जिनमें पूर्व अंतरिम महासचिव वी. के. शशिकला भी शामिल हैं, को दोबारा पार्टी में शामिल करने की वेलुमणि की मांग को खारिज कर दिया और वेलुमणि को ‘पार्टी के दो करोड़ सदस्यों में से महज एक सदस्य’ बताया। इसके कुछ घंटे बाद कभी पलानीस्वामी के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाने वाले वेलुमणि ने एक बयान जारी कर पलटवार किया। उन्होंने पलानीस्वामी को याद दिलाया कि इन्हीं कार्यकर्ताओं ने उन्हें पार्टी महासचिव के पद तक पहुंचाया था।
वेलुमणि ने उन्हें पार्टी के दो करोड़ कार्यकर्ताओं में से एक मानने के लिए पलानीस्वामी का धन्यवाद किया। उन्होंने पार्टी के संस्थापक एम. जी. रामचंद्रन और दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व नेताओं ने हमेशा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और उनकी भावनाओं को महत्व दिया। वेलुमणि ने कहा कि निष्कासित नेताओं को पार्टी में वापस लाने की उनकी मांग कोई व्यक्तिगत राय नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि वी. के. शशिकला, टी. टी. वी. दिनाकरन, ओ. पन्नीरसेल्वम, आर. वैथिलिंगम, के. ए. सेंगोट्टैयन और जे. सी. डी. प्रभाकर जैसे नेताओं ने पूर्व में अन्नाद्रमुक में बने रहने या वापसी की इच्छा जताई थी। हालांकि, उनके प्रयासों को स्वीकार नहीं किए जाने के बाद कुछ नेता द्रमुक और सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सहित अन्य दलों में शामिल हो गए। वेलुमणि ने पार्टी नेतृत्व से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और विभिन्न गुटों को एकजुट करने की अपील की।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक बयानबाजी उन गहरे रणनीतिक मतभेदों को दर्शाती है, जो वर्ष 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद और बढ़ गए थे। इनमें चुनाव के बाद राजनीतिक गठबंधन के विकल्पों को लेकर असहमति भी शामिल है। विशेष रूप से सरकार गठन के लिए विजय की टीवीके का समर्थन करने के प्रस्ताव को पलानीस्वामी ने खारिज कर दिया था।
यह विवाद कोलाथुर से टीवीके विधायक वी. एस. बाबू के 19 नवंबर, 2026 को निधन के कुछ दिनों बाद सामने आया है। लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे बाबू का हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद तमिलनाडु विधानसभा में रिक्त सीटों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
बाबू ने 2026 के विधानसभा चुनाव में कोलाथुर सीट से द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन को 8,795 मतों के अंतर से हराया था। उनके निधन से खाली हुई इस महत्वपूर्ण सीट पर अन्य पांच रिक्त विधानसभा क्षेत्रों के साथ उपचुनाव होने हैं, जिन पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। विवाद को शांत करने का प्रयास करते हुए अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आर. बी. उदयकुमार ने दावा किया कि पलानीस्वामी और वेलुमणि के बीच कोई मतभेद नहीं है।
उन्होंने वेलुमणि को ‘एसपीवी’ संबोधित करते हुए एक बयान में कहा कि विचारों में मतभेद होने पर उन्हें सार्वजनिक रूप से उठाने के बजाय आपसी बातचीत से पार्टी के भीतर ही सुलझाया जाना चाहिए, क्योंकि सार्वजनिक विवाद से संगठन को नुकसान पहुंच सकता है। उदयकुमार ने कहा कि कुछ पूर्व नेताओं ने पार्टी में दोबारा शामिल होने की इच्छा जताई है, लेकिन उनके अनुसार यह मांग काफी देर से की गई है और इससे पार्टी को नुकसान हो सकता है, क्योंकि इन नेताओं ने पहले चुनावों में अन्नाद्रमुक का विरोध किया था। उन्होंने पार्टी महासचिव और वेलुमणि के संबंधों को मजबूत एवं भाईचारे पर आधारित बताते हुए दोनों की तुलना राम और लक्ष्मण से की।
उदयकुमार ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच गहरा आपसी विश्वास है और वे पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं। उन्होंने आगाह किया कि कुछ राजनीतिक दल उनके बीच किसी भी कथित गलतफहमी का फायदा उठाने की ताक में हैं। इस बीच, अन्नाद्रमुक के पूर्व नेता और वर्तमान में सत्तारूढ़ टीवीके सरकार में मंत्री के. ए. सेंगोट्टैयन ने पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी की आलोचना की।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिस नेतृत्व में उदारता और क्षमा करने की क्षमता नहीं होती, वह इतिहास में लंबे समय तक नहीं टिक सकता।’’
