मुंबई ने अंगकृष रघुवंशी की नाबाद 84 रन की पारी और मुशीर खान के तेजी से बनाए गए नाबाद 29 रन की मदद से रविवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच में छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हरा दिया। रघुवंशी ने 63 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े जबकि मुशीर ने 16 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगाया, इससे मुंबई ने ईडन गार्डन्स में 18.5 ओवर में एक विकेट पर 162 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हार्दिक तामोरे ने भी 34 गेंद में 42 रन का योगदान दिया।
उन्होंने रघुवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी करके मुंबई की जीत की नींव रखी। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली मुंबई की टीम ने छत्तीसगढ़ को 18.2 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। शिवम दुबे ने 3.2 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तुषार देशपांडे और मैक्सवेल स्वामीनाथन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
छत्तीसगढ़ ने राहुल प्रधान (05) और अमनदीप खरे (14) के शुरुआती दो ओवर में आउट होने के बावजूद तेज शुरुआत की। कप्तान विकल्प तिवारी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में आठ चौकों की मदद से 41 रन बनाए जबकि देव आदित्य सिंह चार रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। सातवें ओवर में 78 रन के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरने के बाद छत्तीसगढ़ की मध्यक्रम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई।
विजय यादव (11), अजय मंडल (10) और विकेटकीपर शशांक चंद्राकर (एक) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। प्रतीक यादव ने 20 गेंद में 14 रन बनाए, लेकिन छत्तीसगढ़ को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचने के लिए आखिरी ओवरों में अच्छी साझेदारी की जरूरत थी। जयंत यादव और धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने नौवें विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को संभाला।
जयंत ने 16 गेंद में चार चौके की मदद से 24 रन बनाए जबकि जडेजा ने 20 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रन का योगदान दिया। वह तिवारी के बाद छत्तीसगढ़ के दूसरे सफल बल्लेबाज रहे। हालांकि दुबे ने जयंत और जडेजा को लगातार ओवरों में आउट करके 19वें ओवर में छत्तीसगढ़ की पारी समाप्त कर दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 13वें ओवर में तामोरे का विकेट गंवाया, लेकिन रघुवंशी और मुशीर ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। रघुवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ग्रुप डी के एक अन्य मैच में हैदराबाद ने कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर के दूसरे मैदान पर उत्तराखंड को चार विकेट से हराया।
बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लेने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। रक्षण रेड्डी ने भी 24 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे हैदराबाद ने उत्तराखंड को 19.2 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। फिर हैदराबाद ने 27 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
कोडिमेला हिमतेजा ने 40 गेंद में 77 रन की शानदार पारी खेली। दिन के ग्रुप डी के तीसरे मैच में विदर्भ ने गुजरात को पांच विकेट से हराया जिसमें मैच को 13-13 ओवर का कर दिया गया था। विदर्भ ने पहले गेंदबाजी करते हुए गुजरात को 13 ओवर में सात विकेट पर 128 रन पर रोक दिया।
इसके बाद उसने 12.5 ओवर में पांच विकेट पर 131 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
