दिल्ली में शादी का सीजन शुरू होते ही सड़कों पर जाम की समस्या बढ़ने लगी है। अगर आप रविवार को दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें। आज अकेले दक्षिण दिल्ली में कम से कम 22 शादी समारोह आयोजित होने हैं। इनमें 10 हजार से ज्यादा मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा करीब 4,500 अतिरिक्त वाहन भी सड़कों पर होंगे।
ऐसे में दक्षिण दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर जाम लग सकता है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और आने-जाने के लिए दूसरे साधनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इन रास्तों पर बढ़ सकती है ट्रैफिक की परेशानी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रविवार को दक्षिण दिल्ली में एसएसएन मार्ग (भाटी माइंस रोड), बांध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड पर शादी समारोह आयोजित होंगे। इन समारोहों के कारण एसएसएन मार्ग, 100 फुटा रोड, अनुव्रत मार्ग, अरबिंदो मार्ग, मंडी रोड, जोनापुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड और महरौली-महिपालपुर रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही संभालने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। हालांकि, शादी समारोहों में आने वाले मेहमानों और अतिरिक्त वाहनों की वजह से इन रास्तों पर दबाव बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: Delhi में 7 दिनों से खराब हवा, अगले 6 दिन बढ़ सकती है परेशानी; बच्चों और बुजुर्गों को सावधान रहने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को दी ये सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संभव हो तो प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें। इन इलाकों में आने-जाने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बच सकते हैं। पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा पहले से तय करने और रास्तों में बदलाव की ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया खातों पर नजर रखने को भी कहा है।
शादी में जाने वाले मेहमान इन बातों का रखें ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने शादी समारोहों में शामिल होने वाले मेहमानों से भी कुछ बातों का ध्यान रखने की अपील की है। अपने वाहन तय किए गए पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क किनारे गाड़ी पार्क करने से बचें। समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाएं। यातायात से जुड़ी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क करें। आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करें।
इसे भी पढ़ें: S Jaishankar ने बुल्गारिया की विदेश मंत्री संग की वार्ता, IMEC और यूक्रेन संकट पर मंथन
शनिवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में लगा था लंबा जाम
शादी के सीजन के चलते शनिवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। बारातों, वाहनों की भारी आवाजाही और शाम के व्यस्त समय के कारण कई सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा। दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में स्थिति ज्यादा खराब रही। बारातों के साथ चल रहे बैंड-बाजे, ऑर्केस्ट्रा और आतिशबाजी के कारण भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों की देरी का सामना करना पड़ा।
