चक्रवाती तूफान अकवान के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के बीच, पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी परामर्श को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की। पुरी में गुंडिचा मंदिर 19 से 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि 12वीं सदी का जगन्नाथ मंदिर खुला रहेगा और वहां पूजा-अर्चना हमेशा की तरह जारी रहेगी।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय मौसम को ध्यान में रखें। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अनुरोध करते हैं कि वे प्रचंड चक्रवाती तूफान अकवान के कारण बनी मौसम की स्थितियों और आधिकारिक परामर्श को ध्यान में रखते हुए ही श्री (जगन्नाथ) मंदिर के दर्शन की योजना बनाएं। महाप्रभु श्री जगन्नाथ हम सभी की रक्षा करें और हम पर अपनी कृपा बनाए रखें!’’
भारतीय मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट को पार करेगा।
पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) सत्यजीत नाइक ने बताया कि पुरी में श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। नाइक ने कहा, ‘‘चक्रवात को ध्यान में रखते हुए और मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान के मद्देनजर कि शुक्रवार दोपहर के आसपास चक्रवात के तट से टकराने के दौरान 0.5 से 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, 18 नवंबर से पुरी तट पर जाने पर रोक लगा दी गई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कोणार्क में चंद्रभागा तट, चिल्का झील, अस्तरंगा तट और जिले के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी पाबंदियां लगा दी गई हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, भुवनेश्वर में नंदनकानन प्राणी उद्यान और उससे लगे राज्य बॉटनिकल गार्डन 19 और 20 नवंबर को पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रपाड़ा जिला स्थित भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान को भी एहतियात के तौर पर 21 नवंबर तक, यानी तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मयूरभंज जिला स्थित सिमलीपाल टाइगर रिजर्व भी 20 और 21 नवंबर को पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
