बिहार पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके ठिकानों से 22 लाख रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस और बैंकों के समन्वय से बुधवार को पटना, कोलकाता, रांची, दिल्ली, गाजियाबाद और प्रयागराज में एक साथ छापेमारी की और पूछताछ के लिए 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तार लोगों में गिरोह का कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया शामिल हैं, जिन्हें रांची से गिरफ्तार किया गया। वहीं, पटना से गिरफ्तार चार लोगों की पहचान मंदीप सिंह, कौशल कुमार, चंगू और मोनू कुमार उर्फ मंगू के रूप में हुई है। एसटीएफ ने गिरोह के लेनदेन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 44 ‘म्यूल’ बैंक खातों की पहचान की है, जिनमें 88.52 करोड़ रुपये जमा किए गए, जबकि 87.62 करोड़ रुपये निकाले गए।
अधिकारियों के अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि प्राप्त राशि का करीब 99 प्रतिशत आगे दूसरे खातों में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे जाहिर होता है कि इन खातों का इस्तेमाल मुख्य रूप से लेनदेन का नेटवर्क बनाकर धन के स्रोत को छिपाने के लिए किया गया। अभियान के दौरान पटना में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक, प्रयागराज में दो और रांची में एक ठिकाने पर छापेमारी की गई।
बिहार, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई अन्य स्थानों पर भी छापेमारी जारी है। यह कार्रवाई 17 नवंबर को पटना साइबर थाने में दर्ज मामले के संबंध में की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, दूरसंचार अधिनियम और ऑनलाइन गेमिंग के प्रचार एवं विनियमन अधिनियम, 2025 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
