भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में पार्टी के सालभर चलने वाले समारोहों के तहत आज यानी बुधवार को पंजाब के जालंधर से 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भाजपा ने एक बयान में बताया कि नवीन अपराह्न करीब एक बजकर 10 मिनट पर डेरा सचखंड बल्लां स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह अपराह्न एक बजकर 35 मिनट पर रायपुर गांव से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करेंगे।
बयान के अनुसार, नवीन रायपुर में अपराह्न दो बजकर 55 मिनट पर संत समाज के साथ सहभोज और संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। यह यात्रा 18 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगी और सात राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी तथा काशी में संपन्न होगी।
पार्टी के अनुसार, 16 दिवसीय यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के ‘बेगमपुरा’ (दुख-रहित समाज) और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी में की गई थी।
तब से अब तक करीब 29,000 ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं, 51,000 स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ आयोजित किए गए हैं और भाजपा ने 30,000 से अधिक संतों से संपर्क किया है।
