अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने फैंस के साथ एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के निर्माता दीपक मुकुट ने अपना वादा निभाते हुए उन्हें साढ़े तीन करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की एक शानदार लग्जरी कार तोहफे में दी है। अभिनेता ने एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें दीपक मुकुट उन्हें नई लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा की चाबी सौंपते हुए नजर आ रहे हैं। भारत में इस गाड़ी की कीमत 3.5 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जाती है।
निर्माता दीपक मुकुट ने वादा निभाकर जताया आभार
दीपक मुकुट ने हर्षवर्धन को नई गाड़ी भेंट करते हुए एक तस्वीर साझा की और लिखा, “हर्ष, पिछले साल ‘सनम तेरी कसम’ की दोबारा रिलीज के समय हमारी फिल्म के साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद। जिस तरह आप पिछले साल फिल्म के साथ खड़े रहे, आज मैं अपने वादे पर खड़ा हूं। वादा आखिर वादा होता है और यह मेरी तरफ से आपकी सराहना का एक छोटा सा तोहफा है।”
इसे भी पढ़ें: अविनाश मिश्रा को अनफॉलो करने के बाद महाकाल के दरबार पहुंचीं Eisha Singh, मां ने भी लिखी ये बड़ी बात!
हर्षवर्धन ने कार के बाद अब मांग ली ‘सनम तेरी कसम 2’ की सौगात
हर्षवर्धन राणे ने इस पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम पर दोबारा शेयर करते हुए निर्माता का दिल से शुक्रिया अदा किया और साथ ही ‘सनम तेरी कसम 2’ बनाने की गुजारिश भी कर डाली। उन्होंने लिखा, “दीपक सर, मैं कई वादों का हिस्सा रहा हूं, लेकिन आप सबसे अलग हैं। आप सच में अपनी जुबान के पक्के इंसान हैं। सर, जिस तरह मैं पिछले साल ‘सनम तेरी कसम’ की री-रिलीज की गुजारिश लेकर फैंस के साथ आपके दफ्तर सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बाहर खड़ा था, अगले महीने अपने जन्मदिन पर मैं उनके साथ फिर आपके दरवाजे पर आऊंगा।”
हर्षवर्धन ने आगे लिखा, “इस बार मेरी सिर्फ एक ही मांग होगी: ‘सनम तेरी कसम 2’ के लिए आपकी मंजूरी। कहानी और निर्देशक आपकी पसंद के होंगे! क्या आप मुझे और फैंस को जन्मदिन का यह तोहफा देंगे, सर?”
इसे भी पढ़ें: शादी की 10वीं सालगिरह पर Dheeraj Dhoopar और Vinny Arora ने दी खुशखबरी, दूसरी बार बनने वाले हैं माता-पिता
बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने से लेकर री-रिलीज में इतिहास रचने तक का सफर
राधिका राव और विनय सप्रू के निर्देशन में बनी ‘सनम तेरी कसम’ पहली बार 5 फरवरी 2016 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे ने इंदर और पाकिस्तानी अभिनेत्री मावरा होकेन ने सरू का मुख्य किरदार निभाया था। अपनी पहली रिलीज के समय यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी और भारत में करीब 8 करोड़ रुपये की कमाई करके फ्लॉप साबित हुई थी। हालांकि, बाद में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने के बाद इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला।
अपनी पहली रिलीज के नौ साल बाद यह फिल्म 7 फरवरी 2025 को दोबारा सिनेमाघरों में लौटी। इस बार फिल्म को उम्मीद से कहीं बढ़कर शानदार प्रतिक्रिया मिली और इसने पहले ही दिन भारत में करीब 4.25 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। फिल्म ने भारत में कुल 42 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनिया भर में इसकी कुल कमाई लगभग 54 करोड़ रुपये रही। इस कामयाबी ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे सफल री-रिलीज फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया।
